मोहाली। जिले में डेंगू की वजह से शुक्रवार को एक और व्यक्ति की जान चली गई। मृतक की पहचान 68 वर्षीय बुजुर्ग निवासी मुंडी खरड़ के रूप में हुई। व्यक्ति ने फेज-छह के निजी अस्पताल में आखिरी सांस ली। इसके साथ ही जिले में डेंगू से मरने वालों की संख्या 21 हो गई है। वहीं इस दौरान 48 डेंगू मरीज सामने आए हैं। दूसरी तरफ विभाग ने डेंगू के हॉट स्पॉट एरिया (हाई रिस्क एरिया) की पहचान कर ली है। इस संबंधी सारी जानकारी जिला प्रशासन को मुुहैया करवा दी गई है। अब प्रशासन इस समस्या से लोगों को राहत दिलाने में लगा हुआ है।
जिला प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक हाई रिस्क एरिया में मोहाली शहरी क्षेत्र में बलौगी, फेज-सात, चार, पांच और छह तक का एरिया शामिल है। डेराबस्सी में शहर, गुलाबगढ़ रोड, सैदपुरा गांव शामिल है। वहीं, जीरकपुर में ढकोली और बलटाना का एरिया हाई रिस्क जोन में है। हालांकि जिला प्रशासन, सेहत विभाग व नगर निगम, नगर काउंसिल व नगर पंचायतें इससे निपटने के लिए मिलकर काम कर रही हैं।
इलाकों में स्प्रे व फॉगिग का काम चल रहा है। वहीं, सारे इलाकों में डेंगू से बचने संबंधी जागरूकता बोर्ड तक लगाए गए हैं। इसके साथ ही जिला प्रशासन की तरफ से लोगों को जागरूक किया रहा है कि डेंगू की बीमारी में घबराने की जरूरत नहीं है। एक तो वे खुद तरल पदार्थ खुराक में लेते रहे। इनमें पानी, नींबू वाला पानी, नारियल पानी शामिल है। दिन में कम से कम दो लीटर पानी जरूर पिएं। इसके साथ ही शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें।
सिविल व निजी अस्पताल में डेंगू मरीजों के लिए बढ़ाए बेड
लोगों को अस्पतालों में बेड की दिक्कत न आए, ऐसे में निजी अस्पतालों में बेडों की संख्या बढ़ाने के साथ ही सिविल अस्पताल में 70 बेड का स्पेशल वार्ड तैयार किया गया है। जिले में अब कुल मरीज 1896 हो चुके हैं। करीब 1500 मरीज मात्र 22 दिन में सामने आए है।