डेराबस्सी। चंडीगढ़-अंबाला हाईवे पर सोमवार को देर रात एक सड़क हादसे में 32 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान मोटरसाइकिल मैकेनिक बब्बू कुमार निवासी मुबारिकपुर के रूप में हुई है और उसके परिवार में तीन बच्चे और पत्नी है। वह मुबारिकपुर में दो पहिया वाहनों की रिपेयर की दुकान चलाता था।
जानकारी के मुताबिक मृतक बब्बू कुमार सोमवार को जीरकपुर किसी काम से गया था। देर रात साढ़े 10 बजे वह जीरकपुर से मोटरसाइकिल पर वापस लौट रहा था। इसी दौरान जब वह गांव भांखरपुर घग्गर पुल पर पहुंचा तो पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उसकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में उसका सिर ट्रक के टायर नीचे बुरी तरह कुचला गया। इस कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। इस हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों के कारण घग्गर पुल पर जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव कब्जे में लेकर जाम खुलवाया। पुलिस पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिवार को सौंप दिया है और आरोपी फरार अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।