लुधियाना। पार्किंग और अन्य इलाकों से दो पहिया वाहन चोरी करने वाले दो आरोपियों को एंटी नार्कोटिक्स विभाग की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों को चीमा चौक के पास नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार किया गया है, जिनकी पहचान मोहल्ला शक्ति नगर निवासी विनय कुमार उर्फ विक्की और न्यू पंजाबी बाग कालोनी निवासी आशीष कुमार उर्फ आशु के तौर पर हुई है।
पुलिस ने आरोपियों से दो बाइक बरामद की हैं। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें एक दिन के रिमांड पर भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस ने चीमा चौक के पास नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान पुलिस ने सूचना के आधार पर दोनों को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर एक और वाहन बरामद हुआ। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी नशा करने के आदी हैं। नशे की आपूर्ति के लिए दोनों वाहनों को चुराकर आगे बेचते थे।