बरनाला। बरनाला में पिछले 10 दिन में नशे की ओवरडोज से तीन युवकों की जान जा चुकी है। बरनाला के कस्बा धनौला के नौजवान रमनदीप सिंह की नशे की ओवरडोज से मौत हुई। गत दिनों एक नौजवान स्थानीय डीएसपी सिटी राजेश स्नेही के दफ्तर के पास दशहरा ग्राउंड में नशे से धुत पड़ा मिला और कुछ समय में दम तोड़ गया। जिसकी शिनाख्त हरगोबिंद सिंह के रूप में की गई।
स्थानीय गऊशाला के पास हरा चारा बेचकर गुजारा करने वाले मृतक हरगोबिंद सिंह के पिता केसर सिंह ने बताया कि उसके बेटे को सरेआम बिक रहे नशे के कारण नशे की लत पड गई और आखिर नशे ने उसकी जान ले ली। करीब 10 दिन पहले बरनाला के बस स्टैंड के बाथरूम से एक नौजवान का शव मिला था, जिसकी बाजू में इंजेक्शन की सुई चुबी थी। बरनाला के नवनियुक्त एसएसपी संदीप कुमार मलिक ने कहा कि उन्होंने हाल ही में जिले का कार्यभार संभाला है। नशे की सप्लाई तोड़ने के लिए रोडमैप तैयार किया जा रहा है। नशा तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा।