लुधियाना में प्रदर्शन करते अध्यापक।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
डिप्टी डीईओ के शब्दों से आहत महिला अध्यापक को अधरंग का अटैक आने से अध्यापक यूनियन का गुस्सा फूट पड़ा। गुरुवार को अध्यापक यूनियन ने पहले मिनी सचिवालय पर धरना दिया। सुनवाई न होने पर यूनियन नेताओं ने भारत नगर चौक पर जाम लगा दिया। लगभग एक घंटा जाम करने के बाद अध्यापक नेताओं को शिक्षा मंत्री से मंगलवार को मिलने का समय मिला।
अब सभी अध्यापक वहां जाकर डिप्टी डीईओ के खिलाफ शिकायत देंगे। अध्यापक नेता अधिकारी के खिलाफ मामला दर्जकर उसे तुरंत गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं। इससे पहले यूनियन ने शिक्षा अधिकारी को नौ सिंतबर तक कार्रवाई करने का अल्टीमेटम दिया था। उस अल्टीमेटम का कोई असर होता नहीं देख चक्काजाम कर दिया।
चक्काजाम कर रहे यूनियन नेताओं ने बताया कि डिप्टी डीईओ महिला अध्यापिकाओं को बुरी तरह से प्रताड़ित कर रहे हैं। उन्हें जांच के नाम पर कई घंटे दफ्तर में शाम को बैठाया जाता है। बीते दिनों साहनेवाल स्थित सरकारी स्कूल में जाकर डिप्टी डीईओ कुलदीप सैनी ने एक महिला अध्यापिका को अपशब्द कहे। उसे सभी लोगों के सामने जलील किया गया। इसके चलते महिला अध्यापिका को अटैक आ गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसके शरीर के एक हिस्से ने काम करना बंद कर दिया है।
मामले की शिकायत आला अधिकारियों से की गई थी लेकिन शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। यहीं नहीं पहले भी कई शिकायतें विभाग को दी हैं लेकिन शिकायतों की जांच के नाम पर दोबारा शिकायतकर्ता को प्रताड़ित किया जाता है। इसलिए उन्हें आज यह फैसला लेना पड़ा है। इस मौके पर यूनियन नेता सतवीर सिंह, परमजीत सिंह मान, हरदीप सिंह, परमिंदर चौहान समेत बड़ी संख्या में अध्यापक मौजूद रहे।