बठिंडा। जिला पुलिस ने मारपीट के विभिन्न दो मामलों में 30 लोगों पर मामला दर्ज किया है। दोनों मामलों में मारपीट करने की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने पीड़ित लोगों के बयानों पर आरोपी लोगों को नामजद कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल मामले में किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
गांव कोटागुरु में घर के गेट पर खड़े होकर हुल्लड़बाजी करने वाले 8 ज्ञात और 12 अज्ञात लोगों ने मिलकर एक व्यक्ति पर हमला कर उसे घायल कर दिया। इस मामले में थाना संगत पुलिस ने पीड़ित व्यक्ति बीटा सिंह निवासी गांव कोटगुरु की शिकायत पर आरोपी निक्का सिंह, जस्सी सिंह, विक्की सिंह, जीवन सिंह, धर्म सिंह, वीरपाल कौर, बलकरण सिंह, बलविंदर सिंह निवासी गांव कोटगुरु समेत 12 अज्ञात लोगों पर मामला दर्ज किया है।
पीड़ित ने बताया कि उक्त आरोपी अक्सर उनके घर के गेट के आगे खड़े होकर हुल्लड़बाजी करते थे और बिना कारण उन्हें परेशान कर रहे थे। इस संबंध में उसने कई बार उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माने। उसने उक्त आरोपियों को कहा कि वह उनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगा, इसके बाद उन्होंने 12 अन्य अज्ञात लोगों को साथ लेकर उनके घर पर हमला कर दिया व अंदर दाखिल होकर उसके साथ मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। आसपास के लोगों के इकट्ठा होने पर वे मौके से फरार हो गए। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसमें आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है, लेकिन किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
इसी तरह एक व्यक्ति ने अपने सात साथियों के साथ मिलकर एक व्यक्ति से मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। थाना मौड़ पुलिस के पास जग्गा सिंह निवासी गांव संदोहा ने शिकायत दी कि बीती 18 जनवरी को आरोपी इंदरजीत सिंह निवासी गांव संदोहा ने अपने सात अज्ञात साथियों के साथ मिलकर उसे रास्ते में रोककर मारपीट कर उसे गंभीर घायल कर दिया। वह उसके साथ व्यक्तिगत रंजिश रखता था। पुलिस ने आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है, लेकिन अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।