लुधियाना। हथियारों के बल पर लूट की वारदातों को अंजाम दे चुके अंतरराज्यीय लुटेरा गिरोह के पांच बदमाशों को सीआईए-वन की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों में गिरोह का सरगना भी शामिल है। बदमाशों से 32 एवं 315 बोर का कट्टा, आठ कारतूस व वारदात में इस्तेमाल की गई कार, बाइक बरामद हुई हैं।
गिरोह का सरगना पहले जेल में बंद था। बाहर निकलने पर उसने गिरोह बनाया और लूट की वारदातों को अंजाम देना शुरू कर दिया। पुलिस ने गांव ख्वाजके निवासी रविंदर सिंह उर्फ गोल्डी, अमनदीप सिंह उर्फ गगना, दविंदर सिंह उर्फ बिल्ला, बलकार सिंह उर्फ जस्सा है और इन्हें हथियार सप्लाई करने वाले राजस्थान के हनुमान गढ़ निवासी गुरदेव सिंह उर्फ जिल्ला पर मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें दो दिन के रिमांड पर भेजा गया है।
आरोपियों से पूछताछ कर पुलिस उनके तीन साथियों मन्ना, अर्जुन और गुरविंदर उर्फ गुरी की तलाश कर रही है। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर, डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस इन्वेस्टीगेशन वरिंदर सिंह बराड़ ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी हथियारों के बल पर राहगीरों से लूटपाट करते हैं। पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने फरवरी महीने में मेहरबान चूंगी के पास एक मनी एक्चेंजर को लूटा था, जबकि उसी दिन हंबड़ा रोड पर शराब ठेके पर लूट की थी। इसके बाद आरोपियों ने कोहाड़ा रोड़ पर लूट की थी।
2019 में जेल से बाहर आया था सरगना
पुलिस कमिश्नर के मुताबिक बलकार सिंह उर्फ जस्सा गिरोह का मुख्य सरगना है। उस पर पंजाब, हरियाणा, राजस्थान सहित कई राज्यों में 20 से ऊपर मामले दर्ज हैं। वह साल 2019 में जेल से बाहर आया था। जेल से बाहर आने के बाद फिर आरोपी ने बाकी आरोपियों को साथ मिलकार अपना गिरोह बनाया था। आरोपी ने कुछ दिन पहले साथियों के साथ गन प्वाइंट पर तीन वारदातें लुधियाना में की थीं। इसके अलावा उसके बाकी साथियों पर भी केस दर्ज हैं, जोकि जेल भी जा चुके हैं।
घर पर कट्टे तैयार करता है जिल्ला
पूछताछ में पता चला है कि राजस्थान के जिला हनुमानगढ़ निवासी गुरदेव सिंह उर्फ जिल्ला ने आरोपियों को पिस्तौल सप्लाई की थी। आरोपी ने बताया कि उसके पिता कारीगर थे, उनकी मौत के बाद वह खुद काम करने लग गया। देसी कट्टा बगैरा वह घर पर ही तैयार कर लेता है। उसने ही आरोपियों को प्वाइंट 315 बोर का कट्टा बनाकर दिया था।