एक ठेकेदार ने अपनी नाबालिग बेटी के साथ दो दिन पहले दुष्कर्म की कोशिश की। इसी बात को लेकर शनिवार को घर में हुए क्लेश के बाद पत्नी ने बेटे और नाबालिग बेटी के साथ मिलकर पति को ही मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने में जो बेटा शामिल है वह मृतक राज किशोर (45) की पहली पत्नी का बेटा है।
बाद में आरोपी खुद शव के पास बैठे रहे। पड़ोसियों द्वारा इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने राज किशोर की पत्नी गीता, उसके बेटे विशाल (19) और नाबालिग बेटी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। तीनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
एसीपी नार्थ गुरबिंदर सिंह ने बताया कि राज किशोर राजमिस्त्री था और शराब पीने का आदी था। दो दिन पहले उसने अपनी नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म की कोशिश की। जिस कारण परिवार में क्लेश बढ़ा हुआ था। शनिवार रात को इसी बात को लेकर राज किशोर का परिजनों के साथ झगड़ा हो गया। इसके बाद वह बाहर चला गया और शराब पीकर लौटा। फिर उसका परिजनों से झगड़ा हुआ।
गुस्से में उसकी पत्नी और बेटे व बेटी ने राज किशोर के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। इसी दौरान तीनों ने बिजली के तार से गला दबा कर राज किशोर की हत्या कर दी। पहले चिल्लाने और बाद में शांत होने पर पड़ोसियों ने जाकर देखा तो राज किशोर मृत पड़ा था। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। इंस्पेक्टर विजय ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।