लुधियाना। कर्मभूमि एक्सप्रेस में सवार 2 यात्रियों को जहखुरानी गिरोह ने निशाना बनाया और नकदी, मोबाइल फोन व अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो गए। टिकट चेकर ने यात्रियों को बेहोश देख कंट्रोल रूम पर सूचित किया। ट्रेन में जहखुरानी वारदात की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। अंबाला स्टेशन पर यात्रियों को ट्रेन से उतारकर अस्पताल में भर्ती करवाया गया। दो दिन के बाद जब उनको होश आया तो उन्होंने आप बीती सुनाई, जिसके बाद जीआरपी ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू की।
पीड़ितों यात्रियों ने अपना नाम इंद्रजीत (31) और मिथलेश कुमार (25) बताया। उन्होंने बताया कि वह रिश्तेदार की शादी में जलपाइगुड़ी जा रहे थे। वह जालंधर से कर्मभूमि एक्सप्रेस के एस-3 कोच में बैठे थे। लुधियाना स्टेशन पर उनके साथ बैठे कुछ युवकों ने अपने बैग से बर्फी निकाली और एक टुकड़ा उनको भी खिला दिया। वह बर्फी खाकर पूरी तरह से बेसुध हो गए। इसके बाद आरोपियों ने उनसे 6700 रुपये की नकदी, मोबाइल फोन, शादी में उपहार देने के लिए खरीदे महंगे कपड़े और अन्य कीमती सामान लूट लिया। होश में आने पर दोनों ने खुद को अस्पताल में भर्ती पाया।