बठिंडा। जिले के गांव गिल्ल कलां में वीरवार देर रात को अपने घर के बरामदे में सो रही एक बुजुर्ग की तेजधार हथियारों से हत्या कर दी। थाना सदर पुलिस ने मृतक महिला मलकीत कौर के बेटे के बयान पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। महिला मलकीत कौर के बेटे जग्गा सिंह ने बताया कि उनकी माता वीरवार रात को अपने घर के बरामदे में सो रही थी।
देर रात को मोटरसाइकिल सवार कुछ लोग उनके घर में दाखिल हुए और उनकी मां पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। जब बुजुर्ग ने चीखें मारीं तो आरोपियों ने लगातार तेजधार हथियार से महिला पर वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद आरोपी मोटरसाइकिल पर फरार हो गए। पुलिस को दर्ज करवाए बयान मृतक महिला के बेटे ने बताया कि जब वह अपनी माता की चीखें सुनकर बरामदे में पहुंचा तो आरोपी फरार हो रहे थे और उनकी माता खून से लथपथ पड़ी थीं। जब वह अपनी माता को नजदीकी अस्पताल में लेकर गए तो उनकी माता ने दम तोड़ दिया। थाना सदर के एसएचओ गुरदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतक महिला के बेटे जग्गा सिंह के बयान पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।