चोरी के 98 मोबाइल के साथ तीन गिरफ्तार
दरिया किनारे बसे गांव से बाइक पर आते और चोरी कर हो जाते फरार
एक मामले में ऑटों में बैठी सवारियों से करते थे लूटपाट
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। बंद दुकानों के ताले तोड़ और ऑटो में बैठी सवारियों के मोबाइल फोन चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को महानगर के अलग अलग थानों की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 98 मोबाइल फोन के साथ साथ बीस बोतल शराब भी बरामद की है। थाना लाडोवाल के अधीन आती चौकी हंबड़ा की पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है जो दरिया के किनारे जालंधर के गांव से बाइक पर सवार हो महानगर में दाखिल होते और चोरी की वारदात को अंजाम दे फरार हो जाते। इसी तरह थाना कोतवाली की पुलिस ने ऑटो चालकों को गिरफ्तार किया है जो सवारियों का सामान चोरी करते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बीस बोतल शराब भी बरामद की है।
हंबड़ा रोड शोरूम से किए थे मोबाइल चोरी, एक आरोपी गिरफ्तार
एडीसीपी 3 गुरप्रीत कौर पूरेवाल ने बताया कि पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि जालंधर के गांव बुर्ज हसन निवासी गुरजंट सिंह अपनी बाइक पर सवार होकर चोरी के मोबाइल फोन सस्ते भाव में बेचने के लिए जा रहा है। जिसके बाद थाना लाडोवाल के अधीन आती चौकी हंबड़ा की पुलिस ने गांव खहरा बेट इलाके में नाकाबंदी कर दी। इसी दौरान आरोपी ने बाइक भगाने की कोशिश की तो पुलिस ने आरोपी का पीछआ कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी के पास जो मोबाइल बरामद हुए है वह चोरी के हैं। उन्होंने करीब पांच दिन पहले हंबड़ा रोड के एक शोरूम से अपने तीन साथियों के साथ चोरी की वारदात को अंजाम देकर चुराए थे। पुलिस पूछताछ में पता चला कि गांव बुर्ज हसन दरिया के किनारे है और जालंधर के अधीन आता है। अएडीसीपी ने कहा कि आरोपी गुरजंट के तीनों साथियों की पहचान हो गई है, लेकिन पुलिस अभी उनके बारे में खुलासा नहीं करेगी।
ऑटो में बैठी सवारियों के करते थे फोन चोरी, शराब की भी करते थे तस्करी
एडीसीपी वन गुरप्रीत सिंह सिकंद ने बताया कि कोतवाली थाने की पुलिस ने लोकल अड्डा के पास नाकाबंदी कर रखी थी। पुलिस को सूचना मिली कि ग्यासपुरा के पीपल चौक निवासी सन्नी कुमार और उसका भाई हैप्पी कुमार ऑटो चालक है और ऑटो में बैठी सवारियों के फोन चोरी करते हैं। इसके साथ साथ आरोपी शराब तस्करी का धंधा भी करते है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान आरोपियों को ऑटो पर जाते हुए गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 20 मोबाइल फोन और 20 बोतल शराब बरामद की। पुलिस के मुताबिक दोनों भाई नशा करने के आदी है और नशा पूर्ति के लिए वह देर रात को सवारियों का सामान चोरी कर फरार हो जाते थे। इसके अलावा आरोपी बाहरी शहरों से शराब लाकर भी सप्लाई करते थे। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।