कोरोना संक्रमण का ग्राफ बढ़ा, जनपथ फार्म को बनाया कंटेनमेंट जोन
-पहले भी शहर के तीन एरिया में बनाए जा चुके हैं माइक्रो कंटेनमेंट जोन
अमर उजाला ब्यूरो
लुधियाना। महानगर में कोरोना संक्रमण का ग्राफ एक बार फिर से तेजी से बढ़ने लगा है। मंगलवार को जिले में कोरोना संक्रमण के चार नए संक्रमित सामने आए हैं। इसमें तीन कोरोना संक्रमित अकेले जनपथ फार्म केनाल रोड से संबंधित थे। एक जगह पर तीन संक्रमित सामने आने पर सेहत विभाग ने इस एरिया को माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है।
इसके आसपास एरिया में सेहत विभाग ने अपना सर्वे शुरू कर दिया है। इससे पहले सेहत विभाग तीन अन्य माइक्रो कंटेनमेंट जोन की घोषणा कर चुका है। इसमें अर्बन एस्टेट दुगरी फेस टू, बीआरएस नगर बी ब्लाक और इंद्र विहार, चंद्र नगर शामिल है।
जिन एरिया में दो या दो से अधिक कोरोना पीड़ित मामले सामने आते हैं, उनको माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाया जाता है। अगर यही एक साथ पांच संक्रिमत एक जगह पर मिल जाएं तो उस एरिया को कंटेनमेट जोन बनाया जाता है। इससे पहले तक पांच या पांच से अधिक कोरोना मरीज एक जगह पर मिलने पर माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनता था और 15 मरीज एक जगह पर मिलने पर कंटेनमेंट जोन बनता था। इस मामले में माइक्रो कंटेनमेंट जोन प्रभारी डॉक्टर हरप्रीत सिंह ने बताया कि जनपथ पार्क एरिया से सेहत विभाग की टीमें सैंपल लेने का काम कर रही है। इस सैंपल को जांच के लिए भेजा गया है, इनकी रिपोर्ट वीरवार तक आने तक उम्मीद है।