लुधियाना में आयकर विभाग की रेड के दौरान तैनात पुलिस।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
आयकर विभाग की 30 टीमों ने गुरुवार सुबह लगभग छह बजे लुधियाना के साइकिल एवं पार्ट्स निर्माताओं के ठिकानों पर दबिश दी। देर शाम तक आयकर विभाग के अधिकारी अपनी कार्रवाई में जुटे हुए थे। इस कार्रवाई के दौरान आयकर विभाग अधिकारियों ने कारोबारियों के परिसर से दस्तावेज को अपने कब्जे में लिया है। कार्रवाई के समय पुलिस मुलाजिमों को साथ लिया गया है, ताकि दबिश की जगह पर कोई व्यक्ति अंदर न आ सके और कोई बाहर न जा सके। अभी तक क्या कुछ बरामद किया जा चुका है, इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दी जा रही है।
यह भी पढ़ें - कैप्टन पर भड़के नवजोत सिद्धू: पुराना वीडियो शेयर कर अमरिंदर को बताया कृषि कानूनों का निर्माता
गुरुवार को आयकर विभाग ने अचानक साइकिल निर्माण से जुड़ी सात इकाइयों पर दबिश दी। बताया जा रहा है कि जालंधर, लुधियाना, पटियाला सहित कई अन्य शहरों में भी इस कार्रवाई को अंजाम दिया जा रहा है। आयकर विभाग के अधिकारी कारोबारियों के घर, दफ्तर, फैक्टरी, गोदाम सहित जहां जानकारी मिल रही है, वहां पर दबिश दे रहे हैं।
आयकर विभाग की इस कार्रवाई की खबर के बाद साइकिल निर्माण से जुड़े कारोबारियों में हड़कंप का माहौल है। इन इकाइयों को कच्चा माल सप्लाई करने के साथ इनसे माल खरीद करने वाले भी रडार पर आ चुके हैं। सूत्रों के अनुसार, अभी यह कार्रवाई लंबी चल सकती है।