पठानकोट। दशहरे पर आरबीआई ने पठानकोट वासियों को बड़ा तोहफा दिया है। 80 करोड़ एनपीए के चलते पिछले 31 महीनों से प्रतिबंध झेल रहे दि हिंदू को-आपरेटिव बैंक के लेनदेन को शुरू करने के आरबीआई ने आदेश जारी किये हैं।
वीरवार शाम पठानकोट के विधायक अमित विज ने पत्रकार वार्ता कर इसकी जानकारी दी। हालांकि, बैंक से पाबंधी हटवाने को लेकर भाजपा और कांग्रेस में श्रेय लेने की होड़ शुरू हो गई है। विधायक से आधा घंटा पहले भाजपा ने भी पत्रकार वार्ता की और बैंक का कामकाज शुरू होने का श्रेय सांसद सनी देओल को दिया।
बता दें, 25 मार्च 2019 को 80 करोड़ एनपीए होने के बाद आरबीआई ने 400 करोड़ के टर्नओवर वाले हिंदू बैंक पर पाबंधी लगाकर लेनदेन ठप कर दिया था। हालांकि, समय-समय पर कुछ छूट दी जाती रही। लेकिन, खाताधारक मामूली रकम ही निकलवा पा रहे थे। जिसके चलते खाताधारकों की संघर्ष कमेटी के सदस्य 2 साल से स्थाई धरने पर बैठे रहे। वीरवार को आरबीआई ने पत्र जारी कर लेनदेन पर लगाई पाबंधी हटा दी।
पठानकोट भाजपा ने पत्रकार वार्ता की। जिलाध्यक्ष विजय शर्मा ने कहा कि खाताधारकों और शेयर धारकों को राहत दिलवाने के लिए सांसद सनी देओल के प्रयास रंग लाए हैं। कांग्रेस का इसमें कोई लेनादेना नहीं है। विधायक जबरन श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सांसद सनी देओल ने शहरवासियों की खातिर केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की और आरबीआई से पत्राचार किया। जिसके बाद हिंदू बैंक में लेनदेन शुरू हो पाया।
भाजपा की प्रतिक्रिया के जवाब में सनी देओल पर तंज कसते विधायक अमित विज ने कहा कि लंदन में बैठकर हिंदू बैंक को खुलवाया नहीं जा सकता। लंदन में बैठकर न तो रिकवरी हो सकती है और न ही लोगों का दुख समझा जा सकता है। उन्होंने कहा कि हिंदू बैंक को डुबाने वालों पर कांग्रेस ने कार्रवाई की। बैंक अधिकारियों को रिकवरी में सहयोग किया। सहकारिता मंत्री सुखजिंदर रंधावा समेत केबिनेट के प्रयास से यह मुद्दा हल हो पाया। विधायक ने कहा कि इस काम में राजनीति नहीं होनी चाहिए।
अभी 47 करोड़ की रिकवरी बाकी है। डिफाल्टरों से जल्द रिकवरी की जाएगी। शनिवार से बैंक को लेनदेन के लिए चालू किया जाएगा। सोमवार से पूरी क्षमता के साथ बैंक लेनदेन करने में सक्षम होगा। - अमन मेहता, सीईओ, हिंदू बैंक