पुलिस ने शुक्रवार को क्रिकेटर हरभजन सिंह भज्जी के चारों बाउंसरों को अदालत में पेश किया। इसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।
सख्ती से पूछताछ करने के बाद पुलिस ने उनसे दो पत्रकारों से छीनी वीडियो कैसेट भी बरामद कर ली है। वीरवार शाम को जब गीता की डोली नई बारादरी स्थित कोठी के बाहर पहुंची तो वहां तैनात बाउंसरों ने दो पत्रकारों से कैमरे छीने, उनसे गाली गलौच कर कैमरा क्षतिग्रस्त कर दिया।
यही नहीं कैमरों से कैसेट तक निकाल लिए। इसकी जानकारी के बाद सभी मीडिया कर्मी भज्जी की कोठी के बाहर जमा हो गए। उन्होंने वहां पर धरना लगा लिया।
पुलिस ने रात को ही चारों बाउंसरों को गिरफ्तार कर लिया था। उनके खिलाफ कैमरा छीनना और तोड़ने का मामला दर्ज कर लिया गया। भज्जी ने इस घटनाक्रम के लिए मीडिया से माफी भी मांगी, लेकिन मामला नहीं सुलझा।
पुलिस ने चार बाउंसरों बबल निवासी बशीरपुरा जालंधर, कुलदीप सिंह निवासी नूरमहल, गुरजीत सिंह निवासी गुरदासपुर और नवजोत सिंह निवासी भोगपुर के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। एसएचओ नवदीप सिंह का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।