अबोहर जिले के गांव सप्पांवाली निवासी एक प्रेमी युगल की हत्या कर दोनों के शवों को सरेआम चौराहे पर फेंक दिया गया। घटना का पता चलते ही पूरे गांव में सनसनी फैल गई और थाना खुईयां सरवर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी।
गांव सप्पांवाली निवासी मृतक के भाई विक्रम कुमार ने बताया उसके भाई रोहताश (27) का गांव की ही करीब 22 वर्षीय युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पिछले महीने दोनों घर से फरार हो गए और दिल्ली में जाकर कोर्ट मैरिज कर ली। इसके बाद वे मोगा जिले के गांव रोहतां में हमारे रिश्तेदार के पास ही रह रहे थे।
इसी दौरान लड़की वालों ने हमारे परिवार के कई लोगों से मारपीट की और सरेआम जान से मारने की धमकी दी थी। विक्रम ने आरोप लगाया कि रविवार सुबह दो गाड़ियों में दर्जनों लोग गांव रोहतां पहुंचे और वहां से रोहताश व लड़की सुमन को जबरन उठा लिया और उसकी हत्या कर दोनों शवों को सरेआम चौराहे पर फेंका।
मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि उसके भाई व लड़की की हत्या करने वाले अपने घरों में ही घूम रहे हैं लेकिन पुलिस ने अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया। इसी दौरान परिजनों ने तब तक दोनों के शव उठाने से इनकार कर दिया जब तक आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार नहीं किया जाता। डीएसपी अवतार सिंह के नेतृत्व में थाना खुईयां सरवर पुलिस ने घटनास्थल के चारों ओर घेराबंदी करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।