होशियारपुर। नशे के खिलाफ शुरू की मुहिम के अंतर्गत जिला पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। तीन तस्करों को 10 लाख 90 हजार रुपये ड्रग मनी और 70 ग्राम हेरोइन समेत काबू किया है।
एसपी (डी) रवीन्द्र पाल सिंह संधू ने पत्रकारवार्ता में बताया कि एसएसपी अमनीत कौंडल के निर्देशों के अंतर्गत नशे के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के दौरान मंगलवार को डीएसपी (डी) राकेश कुमार और सीआईए इंचार्ज इंस्पेक्टर शिव कुमार की टीम ने कमेटी घर टी प्वाइंट के पास नाकाबंदी करके 3 तस्करों को गिरफ्तार किया, इन पर पहले भी एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामले दर्ज हैं।
आरोपियों की पहचान पवित्तर सिंह निवासी गांव हसलपुर, पटियाला, संजय यादव निवासी वार्ड नंबर 14 सुंदर बस्ती पातड़ां, नरिंदर सिंह वासी गांव भामिआं फतेहगढ़ साहिब के तौर पर हुई है। संधू ने बताया कि तस्करों का मुख्य सरगना अमरीक सिंह निवासी सरहिंद रोड पटियाला पुलिस को वांछित है।
उन्होंने बताया कि अमरीक के खिलाफ थाना माहिलपुर में 8 किलो हेरोइन का मामला दर्ज है। पवित्तर सिंह के खिलाफ 4 मुकदमे दर्ज हैं और 2 मुकदमों में उसे सजा हो चुकी है जिनमें से एक मुकदमे में वह जमानत पर है। संजय यादव के खिलाफ 8 मुकदमे दर्ज हैं जिनमें से एक में सजा हो चुकी है और वह जमानत पर था।