फरीदकोट। यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष की हत्या के आरोपी शूटर को अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया है। आरोपी शूटर को दिल्ली क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया था। फरीदकोट पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर यहां लाई है।
इस हत्याकांड में गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई का नाम आने के बाद पुलिस अब उसे भी प्रोडक्शन वारंट पर लाने की तैयारी में है। जबकि इस हत्याकांड का एक अन्य आरोपी कनाडा में है। जुबली सिनेमा चौक में इसी साल फरवरी में यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष गुरलाल सिंह पहलवान की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी।
इस हत्याकांड में नामजद दो शूटर अमित उर्फ छोटू व राजन को कुछ समय पहले दिल्ली क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया था। इनमें से एक शूटर अमित छोटू को फरीदकोट के सीआईए स्टाफ ने प्रोडक्शन वारंट पर दिल्ली से लाकर फरीदकोट की अदालत में पेश किया। जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
जबकि दूसरे शूटर राजन को भी जल्द ही प्रोडक्शन वारंट पर फरीदकोट लाया जाएगा। पुलिस ने बताया कि इस हत्याकांड की साजिश में शामिल और हत्याकांड को अंजाम देने वाले शूटरों के मददगार 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर जा चुका है। जबकि, दोनों शूटर को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।
अब इन्हें प्रोडक्शन वारंट पर फरीदकोट लाया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक इस हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता व राजस्थान जेल में बंद गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई को भी प्रोडक्शन वारंट लाने की कोशिश की जा रही है। जबकि, एक मुख्य साजिशकर्ता गोल्डी बराड़ कनाडा में बैठा है।