पठानकोट। गूगल-पे अकाउंट नंबर बंद होने से बचाने का झांसा देकर नौसरबाजों ने व्यक्ति के खाते से 1.49 रुपये निकाल लिए। थाना-2 पुलिस ने मामले में राजस्थान के भरतपुर निवासी विश्वाजीत और यूपी के जिला कन्नौज, मीरगांव निवासी मुन्ना के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
थाना-2 प्रभारी दविंदर प्रकाश ने बताया कि शिकायतकर्ता पटेल नगर निवासी राघव महाजन ने बयान में लिखवाया कि उसे कुछ दिन पहले फोन आया कि आपका गूगल-पे अकाउंट बंद होने वाला है। अकाउंट जारी रखने के लिए वेरिफिकेशन करवानी पड़ेगी। वेरिफिकेशन के नाम पर इन लोगों ने उनके अकाउंट से 5 रुपये ट्रांसफर करने को कहा और ओटीपी मांगा।
ओटीपी मिलते ही नौसरबाजों ने उनके खाते से 1.49 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। थाना प्रभारी दविंदर प्रकाश ने कहा कि किसी भी सूरत में अपने मोबाइल पर आया ओटीपी किसी से शेयर न करें। उन्होंने कहा कि नौसरबाज लोगों को ठगने के लिए रोज नए हथकंडे अपनाते हैं। जागरूकता से ही ऐसी ठगी की वारदात को रोका जा सकता है।