फिरोजपुर के बगदादी गेट के नजदीक मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली ने विद्यार्थियों से भरे थ्री-व्हीलर को टक्कर मार दी। हादसे में थ्री-व्हीलर सवार आठ विद्यार्थियों को मामूली चोटें आईं हैं। बच्चों की मरहम पट्टी कराने के बाद उन्हें घर भेज दिया है। सूचना पाकर घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
चालक सन्नी ने बताया कि सुबह करीब सवा नौ बजे आठ बच्चों को थ्री-व्हीलर पर बैठाकर सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल लेकर जा रहा था। जैसे ही बगदादी गेट के पास पहुंचा तभी जीरा गेट की तरफ से तेज रफ्तार में ट्रैक्टर-ट्राली आ रही थी जबकि ऊधम सिंह चौंक की तरफ से बस आ रही थी।
दोनों के बीच से थ्री-व्हीलर निकालते वक्त ट्रैक्टर-ट्राली ने टक्कर मार दी। थ्री-व्हीलर ट्राली के नीचे घुस गया। आसपास के लोगों ने बड़ी मुश्किल से थ्री-व्हीलर के बीच से बच्चों को बाहर निकाला। बच्चों को हल्की चोटें लगी हैं। मरहम पट्टी कराने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया है। थ्री-व्हीलर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
उधर, मौके पर पहुंचे एएसआई शर्मा सिंह का कहना है कि ट्रैक्टर-ट्राली, बस व थ्री-व्हीलर चालकों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जिसकी गलती होगी, उसके खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। फिलहाल थ्री-व्हीलर का काफी नुकसान हुआ है। बच्चे बाल-बाल बच गए। सभी बच्चे सरकारी स्कूल के थे।