बटाला के गांव वडाला बांगर में शनिवार देर रात को एक ढाबे में बैठे तीन युवकों पर 5-6 अज्ञात नौजवानों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियां लगने से ढाबे में खाना खा रहे एक युवक की मौत हो गई जबकि दो युवक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों घायलों को बटाला से अमृतसर रेफर कर दिया गया है। फायरिंग की वजह दोनों पक्षों के बीच रंजिश बताई जा रही है। मृतक युवक की पहचान जसविंदर सिंह (34) निवासी गांव शाहपुर के रूप में हुई है जबकि घायलों की पहचान गगनदीप सिंह और दलजीत सिंह के रूप में हुई है। तीनों ही दोस्त बताए जा रहे हैं। पुलिस ने अज्ञात युवकों पर हत्या का मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
शनिवार देर रात को बटाला के सिविल अस्पताल में मौजूद मृतक जसविंदर सिंह के भाई इंद्रजीत सिंह ने बताया कि वडाला बांगर क्षेत्र में उसका भाई जसविंदर और उसके दो दोस्त खाना खाने गए थे। शनिवार रात करीब दस बजे उन्हें वडाला बांगर से फोन आया कि कुछ लोगों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग की है। इस फायरिंग में जसविंदर सिंह के दिल में गोली लगी है और उसके दो अन्य साथी गगनदीप सिंह और दलजीत सिंह को भी गोली लगी है। तीनों को बटाला के सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने जसविंदर को मृत घोषित कर दिया जबकि दो घायल गगनदीप सिंह और दलजीत सिंह का प्राथमिक उपचार करने के बाद अमृतसर रेफर कर दिया गया।
सिविल अस्पताल बटाला में मौजूद डॉक्टर पार्थ ने बताया कि अस्पताल में तीन युवकों को लाया गया था जिसमें से जसविंदर सिंह की मौत हो गई है जबकि दो युवकों गगनदीप और दलजीत को गंभीर हालत में अमृतसर रेफर कर दिया गया है। थाना कलानौर के एसएचओ रुपिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने घायल युवक गगनदीप सिंह के बयान पर पांच अज्ञात हमलावर युवकों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस विभिन्न एंगल पर काम कर रही है। जल्द ही हत्या के कारण का खुलासा भी हो जाएगा। आरोपी जल्द ही काबू कर लिए जाएंगे।