शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी से उनकी रंजिश ठेके पर लिए खेत के कारण थी। जिस खेत को उनके पिता पाल सिंह ठेके पर लेकर काम करते थे, पहले वहां आरोपी खेती करता था।
मोगा के थाना बाघापुराना के तहत पड़ते गांव नाथेवाला में 14 अक्टूबर की रात को मामूली तकरार होने पर एक युवक ने दो किसानों को तेजधार हथियार से प्रहार कर मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद ही एक मृतक के रिशतेदार को फोन कर उक्त हत्याओं की सूचना दी। इस दौरान जब मृतक के रिशतेदार घटनास्थल पर (खेतों में) पर पहुंचे तो वहां पर मौजूद आरोपी उन लोगों को देखकर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद आरोपी युवक के खिलाफ हत्या की धारा 302 के तहत केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
थाना बाघापुराना के प्रभारी एसएचओ हरमन सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता जगदीप सिंह निवासी गांव झंडेआणा गर्बी ने पुलिस को दर्ज करवाए बयान में कहा कि उसके पिता पाल सिंह (52) ने अपने ससुराल परिवार के गांव नाथेवाला में किसान गुरजीत सिंह से ठेके पर उसकी जमीन ले रखी थी। उक्त खेत में उसके पिता ने गोभी की सब्जी बोई थी। अक्सर उसके पिता गांव नाथेवाला निवासी अपने दोस्त जसविंदर सिंह (42) के साथ उक्त खेतों में सब्जी की देखरेख के लिए जाया करते थे।
विज्ञापन
14 अक्तूबर की रात करीब साढे़ आठ बजे उसके पिता पाल सिंह जसविंदर सिंह के साथ गांव नाथेवाला में खेतों में गए थे, जहां पर पहले से मौजूद खेत मालिक गुरजीत सिंह के भतीजे पवनप्रीत सिंह के साथ उनकी मामूली तकरार हो गई। इसी के चलते पवनप्रीत सिंह ने पाल सिंह व जसविंदर सिंह के पेट में किरच से प्रहार करते हुए उनकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी पवनप्रीत सिंह ने शिकायतकर्ता के मामा सुखदेव सिंह निवासी गांव नाथेवाला को फोन किया और उन्हें कहा कि झगड़ा होने के कारण उसने पाल सिंह व जसविंदर सिंह की उनके खेत में हत्या कर दी है।
इसके बाद सुखदेव सिंह अपने पारिवारिक सदस्यों को साथ लेकर घटनास्थल पर खेतों में पहुंचा तो उसने देखा कि वहां पाल सिंह व जसविंदर सिंह के शव खून से लथपथ पड़े हैं। उन लोगों को खेतों में आता देख आरोपी पवनप्रीत सिंह तेजधार हथियार समेत मौके से फरार हो गया। इसके बाद सुखदेव सिंह ने उन्हें सूचना दी। पुलिस ने पवनप्रीत सिंह के खिलाफ हत्या की धारा के तहत केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी के अनुसार जगदीप सिंह ने पुलिस को बताया कि उसके पिता पाल सिंह ने पवनप्रीत सिंह के चाचा गुरजीत सिंह से जो जमीन ठेके पर ले रखी थी, वह बीते साल पवनप्रीत सिंह के पास ही ठेके पर थी और वहां पर आरोपी पवनप्रीत खेतीबाड़ी करता था। लेकिन चाचा गुरजीत सिंह द्वारा जमीन उससे लेकर पाल सिंह को ठेके पर देने को लेकर आरोपी शिकायतकर्ता के पिता से रंजिश रखता था। जिसके चलते पहले भी कई बार आरोपी की उसके पिता के साथ तू तू मैं मैं हो चुकी थी, और समय आने पर आरोपी उसके पिता को सबक सिखाने की धमकी देता था।