अमृतसर की इंदिरा कॉलोनी में मंगलवार की सुबह विवाहिता की मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि ससुरालियों ने विवाहिता की फंदा लगाकर हत्या कर दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और मृतका की मां की शिकायत पर ससुरालियों पर केस दर्ज करने के बाद कुछ लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौप दिया है। जंडियाला गुरु निवासी सुखो ने बताया कि उन्होंने बेटी अमनदीप कौर की शादी वेरका स्थित इंदिरा कॉलोनी में शमशेर सिंह के साथ की थी।
ये भी पढ़ें-
तीन तलाक देना पड़ा भारी: हाईकोर्ट की सख्ती से टूटी पंजाब पुलिस की नींद, अब आरोपी पर दर्ज हुई एफआईआर
बेटी के साथ मारपीट करते थे आरोपी
शादी के बाद से ससुराल वाले दहेज के लिए बेटी के साथ मारपीट करने लगे। उन्होंने दामाद शमशेर सिंह और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन शमशेर उनकी लड़की के साथ मारपीट करता रहा। उन्होंने बताया कि वह अपनी बेटी को लेने इंदिरा कॉलोनी में उसके ससुराल आई थी। उसके ससुराल वालों ने अमनदीप कौर को साथ भेजने से मना कर दिया। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 10 बजे फोन पर अमनदीप की हालत खराब होने की सूचना मिली। उन्होंने निकट रहने वाले लोगों से बेटी के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि अमनदीप कौर की मौत हो चुकी है।
ये भी पढ़ें-
आदेश: पंजाब में पटाखों पर रोक, दिवाली और गुरुपर्व पर दो घंटे केवल ग्रीन पटाखे ही जलाने की अनुमति
आज कोर्ट में पेश करेंगे आरोपी
वेरका थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर गुरिंदर सिंह ने बताया कि मृतका की मां के बयानों पर उसके दामाद शमशेर और उसके परिवार के अन्य सदस्यों पर धारा-304बी के तहत केस दर्ज कर लिया है। मृतका का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया है। वहीं, केस के मुख्य आरोपी और मृतका के पति शमशेर सिंह और उसके परिवार के कुछ अन्य लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिनको बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा।