पंजाब के मोगा में पुलिस एएसआई की गुंडागर्दी देखने को मिली है। मोगा के थाना बधनी कलां के गांव दोधर सरकी में वर्दीधारी एएसआई ने सरेआम गुंडागर्दी की है। जमीनी विवाद के चलते एएसआई ने वर्दी की रौब दिखाते हुए भारतीय सेना से रिटायर्ड फौजी को सरेआम डंडों से पीट दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एएसआई अपने ससुराल वालों के साथ मिलकर रिटायर्ड फौजी और उसके भतीजे के साथ मारपीट कर रहा है।
रिटायर्ड फौजी अजेयब सिंह और उसके भतीजे मोहन सिंह को गंभीर चोटें आईं, उन्हें इलाज के लिए मोगा सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। यह पूरी घटना किसी राहगीर ने कैमरे में कैद कर ली, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। पीड़ित परिवार ने इस पूरे मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस थाना बधनी कलां में दर्ज करवाई है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रास्ते में रोक कर सरेआम की मारपीट
मोगा के गांव दोधर सरकी में रिटायर्ड फौजी अजेयब सिंह और उनके भतीजे रणजीत सिंह के बीच कुछ समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। वीरवार को अजेयब सिंह अपनी जमीन से मिट्टी उठा रहे थे, तो रणजीत सिंह ने इसका विरोध किया। सरपंच ने दोनों पक्ष को समझाया भी था। शुक्रवार को जब अजेयब सिंह अपने खेत से लौट रहे थे, तभी रास्ते में रणजीत सिंह, उसकी पत्नी और उनका दामाद एएसआई चरणजीत सिंह ने उन्हें रोक लिया और डंडों से बुरी तरह पीटा। जब अजेयब सिंह का भतीजा मोहन सिंह बचाने पहुंचा तो उसे भी बुरी तरह पीटा। एएसआई चरणजीत सिंह मोगा एसएसपी कार्यालय में तैनात है और वर्दी की आड़ में इस कदर गुंडागर्दी दिखाते हुए अजेयब सिंह के साथ मारपीट की।
एएसआई ने दी जान से मारने की धमकी
अस्पताल में भर्ती अजेयब सिंह ने बताया एएसआई चरणजीत सिंह ने वर्दी पहनकर सरेआम बाजार में हमें पीटा, यह वर्दी का खुला दुरुपयोग है। उसे नौकरी से बर्खास्त करना चाहिए। घायल मोहन सिंह ने भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने कहा कि शनिवार रात को भी चरणजीत सिंह मोगा सिविल अस्पताल आया था और हमें जान से मारने की धमकी दी। जब हमने उसका वीडियो बनाने की कोशिश की, तो वह मौके से भाग गया।
क्या कहती है पुलिस
जांच अधिकारी एएसआई जसवंत सिंह ने कहा कि शिकायत आई है। गांव दोधर सरकी के रहने वाले अजेयब सिंह और उनके भतीजे मोहन सिंह के साथ मारपीट हुई है। दोनों घायल हैं और सिविल अस्पताल मोगा में भर्ती हैं। घायलों के बयान दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एएसआई की वीडियो की भी जांच की जा रही है।