बरनाला शहर में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। हालात ऐसे हो गए हैं कि अब ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को भी लुटेरे निशाना बनाने लगे हैं। बीती रात नगर निगम के सैनेटरी इंस्पेक्टर पर दो नकाबपोश लुटेरों ने हमला कर लूट की वारदात को अंजाम दिया। यह घटना शहर के घनी आबादी वाले इलाके में हुई, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है।
पीड़ित सैनेटरी इंस्पेक्टर अंकुश कुमार ने बताया कि वह पंचायत समिति चुनाव को वोटिंग ड्यूटी के लिए रात करीब 10 बजे स्कूटर पर अपने घर से एसडी कॉलेज जा रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और उनका पर्स छीन लिया। लुटेरों के चेहरे ढके हुए थे। उन्होंने मोबाइल और अन्य सामान भी छीनने की कोशिश की, लेकिन किसी तरह भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
डिप्टी कमिश्नर बरनाला टी बेनिथ ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने एसएसपी बरनाला से बातचीत की है और शहर में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था व पीसीआर पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। दोषियों की जल्द गिरफ्तारी के आदेश भी दिए गए हैं।
थाना सिटी बरनाला के एसएचओ लखविंदर सिंह ने बताया कि सैनेटरी इंस्पेक्टर अंकुश कुमार के बयान पर अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।