नकाबपोश लुटेरों ने रविवार की रात तरनतारन रोड पर एक करियाना दुकानदार को पिस्तौल दिखा बंधक बना लिया और लूट की वारदात को अंजाम दे दिया। स्कूटर और मोटरसाइकिल पर पहुंचे लुटेरों ने दुकान के गल्ले में रखे दस हजार रुपये लूटे और फरार हो गए। बी डिवीजन थाना की पुलिस ने इसमें केस दर्ज करके दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है।
कृष्णा नगर के रहने वाले गुरदीप सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह तरनतारन रोड पर लाडी करियाना स्टोर के नाम पर दुकान करता है। रविवार की रात को वह दुकान बंद करने की तैयारी कर रहा था। इस दौरान ही एक्टिवा और मोटरसाइकिल पर सवार पांच नकाबपोश उसकी दुकान पर पहुंचे।
पीड़ित ने बताया कि उसने उन्हें ग्राहक समझा। नकाबपोशों में से एक लुटेरे ने पिस्तौल निकालकर उस पर तान दी और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकियां देने लगा और उसे एक तरफ बंदी बना लिया। इस दौरान एक नकाबपोश उसके गल्ले की तरफ बढ़ा और उसमें रखे दस हजार रुपये लूट कर भाग गया। जबकि दुकान के अंदर बचे उसके चारों साथी भी उसे जान से मारने की धमकियां देते हुए अपने वाहनों पर सवार होकर चाटीविंड चौक की तरफ फरार हो गए।
लूट की वारदात के तुरंत बाद दुकानदार ने पुलिस कंट्रोल रूम पर इसकी जानकारी दी तो पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के अलावा आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी की फुटेज को लेकर खंगालना शुरू कर दिया। मामले के जांच अधिकारी एएसआई दविंदर सिंह ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है और जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।