शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) की प्रधान बीबी जागीर कौर ने श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर खोल जाने को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने कहा कि संगत श्री गुरु नानक देवजी का प्रकाश पर्व मना रही है और श्री करतारपुर साहिब के खुले दर्शन दीदार करना चाहती है। इससे पहले भी उन्होंने 25 मार्च 2021 को पीएम मोदी को पत्र लिखकर श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर खोलने को कहा था।
बीबी जागीर कौर ने कहा कि कॉरिडोर की शुरुआत श्री गुरु नानक देवजी के 550वें प्रकाश पर्व के मौके पर भारत और पाकिस्तान की सरकार ने की थी लेकिन कोविड संकटकाल के चलते भारत सरकार ने इसे मार्च 2020 में बंद कर दिया था। तब कहा गया था कि कोविड महामारी के चलते इस कॉरिडोर को सावधानी के तौर पर अस्थाई रूप से बंद किया जा रहा है लेकिन अब पाकिस्तान सरकार ने भारतीय श्रद्धालुओं को कोविड नियमों का पालन करते हुए दर्शन की इजाजत दे दी है।
उन्होंने कहा कि एसजीपीसी सिखों की सर्वोच संस्था है और ऐतिहासिक गुरुद्वारों की सांर-संभाल के लिए जिम्मेदार है। एसजीपीसी ने इसके तहत ही भारत सरकार को कई बार श्री करतारपुर साहिब क़ॉरिडोर खोलने को कहा लेकिन अभी तक भारत सरकार ने इसके लिए कोई कदम नहीं उठाया है, जबकि अब कोविड महामारी से हालात सामान्य हो चुके हैं और आर्थिक व अन्य गतिविधियां शुरू हो गई हैं, ऐसे में भारत सरकार को सिख श्रद्धालुओं की भावनाओं को देखते हुए कॉरिडोर को फिर से खोल देना चाहिए।