सुल्तानविंड स्थित चुंगी वाला बाजार में एक कारोबारी ने कांग्रेस के विधायक के पीए, एएसआई और एक स्वर्ण कारोबारी से दुखी होकर फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। कारोबारी ने फंदा लगाने से पहले सुसाइड नोट में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से परिवार को इंसाफ दिलाने की अपील भी की।
उसने सुसाइड नोट में अपने दोस्तों व बहन भाइयों से बच्चों और उसके माता-पिता का साथ देने की बात भी कही है। पुलिस ने शव और सुसाइड नोट कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
सुल्तानविंड रोड स्थित चुंगी वाला बाजार में गुरु गोबिंद सिंह नगर के सुखविंदर सिंह बब्बू ने सुसाइड नोट में लिखा कि उसका उसके पड़ोसी ज्वेलर हरभजन सिंह से लेन-देन को लेकर विवाद था। उसका पड़ोसी इसी बात की रंजिश रखता था। हरभजन सिंह ने अपने लड़के गोरा जज और कुछ अज्ञात लोगों के साथ उसके घर में तोड़फोड़ कर उसके साथ अभद्रता की। इसके खिलाफ बी डिवीजन थाना में शिकायत दी तो पुलिस ने कांग्रेस विधायक के पीए परमजीत सिंह के दबाव में उलटा उसके खिलाफ ही आईपीसी की धारा 326 में केस दर्ज कर दिया।
सुखविंदर सिंह ने सुसाइड नोट में लिखा कि अभी वह घर से फरार था और उस पर लाखों रुपये देकर एफआईआर रद्द किए जाने का दबाव बनाया जा रहा था। एएसआई नरिंदर सिंह पर उसने आरोप लगाया कि वह उसे थाने में पेश होने के लिए धमका रहा था और थाने में पेश नहीं होने पर परिवार की महिलाओं को थाने में लाने की धमकी दी। जेल से छह महीनों तक बाहर नहीं निकलने देने की धमकी भी एएसआई ने दी। अब वह उक्त तीनों लोगों से परेशान होकर आत्महत्या कर रहा है। घटना के बाद पीए का फोन स्विच ऑफ है।
प्रवासी मजदूर ने फंदा लगाकर किया सुसाइड
घरेलू विवाद के चलते पटियाला में सन्नौर के पठान वाला मोहल्ला में प्रवासी मजदूर ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मामले में धारा 174 सीआरपीसी के तहत कार्रवाई कर लाश का पोस्टमार्टम कराने के बाद इसे वारिसों के हवाले कर दिया है। जानकारी के मुताबिक 36 साल के गुल्लू के तीन बच्चे हैं और सोमवार रात उसका अपनी पत्नी से लड़ाई-झगड़ा हो गया। इसके बाद उसने घर में छत के गार्डर से रस्से की मदद से लटक कर खुदकुशी कर ली।