अमृतसर के मजीठा में पार्टी समारोह के दौरान डीजे की तेज आवाज को लेकर हुए विवाद में कुछ युवकों ने एक युवक पर तेज धार हथियारों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। यह वारदात रविवार देर रात मजीठा के गांव गालोंवाली में हुई।
मृतक की पहचान सरबजीत सिंह के रूप में हुई है। मृतक के दोस्त गुरमीत सिंह ने बताया कि रात को गांव में पार्टी चल रही थी। इस दौरान कुछ युवक डीजे की आवाज बढ़ाने की मांग कर रहे थे। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और आरोपी पहले एक युवक के साथ मारपीट करने लगे। जब सरबजीत सिंह ने अपने साथी को बचाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उस पर तेजधार हथियारों से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इस वारदात में एक अन्य युवक भी घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।