सरहद पर पाकिस्तान ड्रोन ने फेंकी हेरोइन की खेप
संवाद न्यूज एजेंसी
ममदोट (फिरोजपुर)। सरहद पर रविवार रात्रि पाक ड्रोन की गतिविधि देखी गई। ड्रोन भारतीय क्षेत्र से होकर पाक में प्रवेश कर रहा था। सोमवार सुबह बीएसएफ ने स्पेशल सर्च अभियान चलाकर बीओपी लक्खा सिंह वाला हिठाड़ के नजदीक गांव सेठां वाला के खेत से एक बैग बरामद किया है, इसमें हेरोइन के तीन पैकेट मिले हैं।
बीएसएफ अधिकारियों के मुताबिक रविवार रात्रि सीमा सुरक्षा बल की बटालियन-182 के जवान सरहद पर लगी फेंसिंग के साथ-साथ गश्त कर रहे थे। इन्होंने आसमान में टिमटिमाती हुई लाइट देखी जो ड्रोन की थी। ड्रोन ने ऊपर से कोई पैकेट फेंका उसकी आवाज जवानों को सुनाई दी। सोमवार सुबह बीएसएफ ने सर्च अभियान चलाया। गांव सेठां वाला के खेत से एक बैग मिला है, बैग के साथ दो चमकीली गेंद, एक बैटरी और नीले रंग का एलईडी बल्ब लगा हुआ था। ये इसलिए लगाया जाता है कि भारतीय तस्करों को अंधेरे में कहीं भी गिरी हेरोइन की खेप आसानी से नजर आ जाए। हेरोइन का वजन ढाई किलोग्राम आंका गया है। पिछले कुछ दिनों से पाक ड्रोन की गतिविधियां ज्यादा बढ़ गई हैं।
-
फोटो संख्या-01एफजेडआर01, 02 ओ - फिरोजपुर के सीमांत गांव सेठां वाला में ड्रोन द्वारा फेंकी हेरोइन की खेप।