आम आदमी पार्टी नेता हरपाल सिंह चीमा ने आरोप लगाया है कि पंजाब सरकार रोडवेज बसों की उपेक्षा कर ट्रांसपोर्ट माफियाओं की मदद कर रही है जो जनता से भारी कीमत वसूल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर सरकार रोडवेज बसों को उचित ताकत दे पाती तो इससे सफर करने वाले सामान्य लोगों को लाभ पहुंचता, लेकिन बसों के नवीकरण और रखरखाव में कमी कर प्राइवेट बस ट्रांसपोर्टरों को फायदा पहुंचाया जा रहा है जो सामान्य जनता से मनमानी कीमत वसूल रहे हैं।
चीमा ने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय से जारी एक बयान में कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह ने शपथ लेकर वादा किया था कि प्रदेश में उनकी सरकार बनने के बाद रोडवेज बसों की स्थिति को सुधार कर ट्रांसपोर्ट व्यवस्था को सुधारेंगे, लेकिन उनकी सरकार बने अब पांच साल हो गए हैं, लेकिन अब तक सरकार ने सरकारी ट्रांसपोर्ट व्यवस्था को ठीक करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया।
हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि रोडवेज कर्मचारी हड़ताल पर हैं। वे रोडवेज बसों के सरकारी बेड़े में 10 हजार नई बसें शामिल करने और मामूली केसों में बर्खास्त कर्मचारियों की बहाली जैसी जायज मांगें कर रहे हैं और सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए।