फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

देश से जुड़ी यादें: खापों के गढ़ में 23 साल तक गरजी शूटर दादी की बंदूक, दिलचस्प है पूरी कहानी

Sat, 01 May 2021 02:50 PM IST
कपिल kapil अमर उजाला नेटवर्क, मदन बालियान, मेरठ
विज्ञापन
1 of 8
शूटर दादी चंद्रो तोमर। - फोटो : amar ujala
पश्चिम उत्तर प्रदेश की खाप पंचायतों के गढ़ बागपत में शूटर दादी चंद्रो तोमर 23 साल तक महिला सशक्तीकरण की आवाज बनी रहीं। इत्तेफाक से पहली बार 1998 में पोती शेफाली को लेकर शूटिंग रेंज तक गई चंद्रो तोमर हमेशा के लिए निशानेबाजी को समर्पित हो गईं। खेत-खलिहान और चूल्हे-चौके तक सिमटी महिलाओं को बंदिशों की दहलीज पार कराने में शूटर दादी की खास भूमिका रही...
विज्ञापन

2 of 8
शूटर दादी के साथ फिल्मी सितारे - फोटो : अमर उजाला
पश्चिम उत्तर प्रदेश की खाप पंचायतों के फरमानों को लेकर बागपत के किस्से जगजाहिर हैं। घूंघट और बंदिशों के दौर में चंद्रो तोमर महिलाओं और बेटियों के लिए उम्मीद का सवेरा बनकर घर से बाहर निकली थी। देशखाप के गढ़ बड़ौत के निकट अंगदपुर जौहड़ी गांव में 1998 में शूटिंग रेंज की शुरुआत हुई थी। मासूम पोती शेफाली अकेले शूटिंग सीखने के लिए नहीं जाना चाहती थी। पोती ने दादी को साथ चलने के लिए मनाया, यहीं से शुरू हुआ बुजुर्ग चंद्रो तोमर के शूटर दादी बनने का सिलसिला। तीन दिन बाद खेल-खेल में साधा गया निशाना दस पर लगा तो कोच डॉ. राजपाल सिंह और फारूख पठान ने दादी को निशानेबाजी के लिए मना लिया। 
विज्ञापन

3 of 8
शूटर दादी चंद्रो तोमर - फोटो : अमर उजाला
इसके 15 दिन बाद उनकी देवरानी प्रकाशी तोमर भी बेटियों को लेकर निशानेबाजी करने पहुंच गई। निशानेबाजी सीख रही लड़कियों को दादी का सहारा और प्रेरणा मिली। दादी की निशानेबाजी का सफर शुरू हुआ तो 23 साल तक चला। खाप पंचायतों के जिस क्षेत्र में महिलाओं को घूंघट तक खोलने की इजाजत नहीं थी, उसी क्षेत्र में शूटर दादी महिला सशक्तीकरण की झंडाबरदार रही। सिर्फ जौहड़ी की ही नहीं, बल्कि शूटर दादी ने दुनिया में पश्चिम उत्तर प्रदेश की पहचान को पुख्ता किया। देशखाप के चौधरी सुरेंद्र सिंह कहते हैं कि चंद्रो तोमर ने पूरे क्षेत्र को पहचान दिलाई। बेटियों और महिलाओं के लिए ही नहीं बल्कि पूरे समाज के लिए वह प्रेरणास्रोत रहीं।

4 of 8
शूटर दादी चंद्रो तोमर के साथ तापसी पन्नू - फोटो : अमर उजाला
तन बुड्ढ़ा होता है, मन नहीं
बच्चों जैसे निर्मल मन वाली शूटर दादी बुजुर्गों के लिए हमेशा प्रेरणा रहीं। उनके बेटे विनोद कुमार ने बताया कि मां ने 66 साल की उम्र में निशानेबाजी शुरू की थी। घर पर आने वाली बुजुर्ग महिलाओं को अपनी दिनचर्या संयमित रखने, योग करने की सलाह देती थीं। कहती थीं- ‘तन बुड्ढ़ा होता है, मन नहीं’। उनका जीवन सकारात्मक उर्जा से भरा हुआ रहा। मुश्किल समय में वह हमेशा हिम्मत दिखाती थी।
विज्ञापन

5 of 8
शूटर दादी चंद्रो तोमर - फोटो : अमर उजाला
ट्विटर पर बनाई पहचान
वयोवृद्ध निशानेबाज चंद्रा तोमर को कई नाम मिले। उन्हें रिवाल्वर दादी और शूटर दादी के नाम से जाना गया। सोशल मीडिया पर सक्रिय रही। पौत्र दामाद सुमित राठी के सहयोग से ट्विटर पर बेहद सक्रिय रही। यू-ट्यब पर अपना चैनल बनाया। दादी के प्रशंसक उन्हें ट्विटर दादी के नाम से भी पुकारने लगे थे। 
विज्ञापन

6 of 8
शूटर दादी चंद्रो तोमर को नमस्कार करते संजय दत्त - फोटो : अमर उजाला
बॉलीवुड चंद्रो तोमर का मुरीद
बायोपिक सांड की आंख के अलावा भी बॉलीवुड के सितारे चंद्रो तोमर के मुरीद है। सत्यमेव जयते में आमिर खान ने उन्हें बुलाया था। अभिनेता रणदीप हुड्डा, अभिनेत्री ट्व़िकल खन्ना, अभिनेता अक्षय कुमार, निर्माता निर्देशक प्रकाश झा, अभिनेत्री तापसी पन्नू समेत अन्य अभिनेता-अभिनेत्री उनके मुरीद रहे। निधन से बॉलीवुड में भी शोक की लहर छा गई।
विज्ञापन

7 of 8
शूटर दादी के साथ फिल्म के निर्देशक अनुराग कश्यप, तुषार हीरानंदानी व एक्ट्रेस भूमि पेडनेकर व तापसी पन्नू
 ...इसलिए रखा फिल्म का नाम सांड़ की आंख
दो निशानेबाज महिलाओं की जिंदगी पर बनी फिल्म का नाम सांड़ की आंख इसलिए रखा गया था, क्योंकि क्लब में निशानेबाजी की दौरान उन्हें बार-बार कहा जाता था कि हिटिंग द बुल्स आई जिसे चंद्रो और प्रकाशो सांड़ की आंख कहती थीं। इसी वजह से ये शब्द फिल्म की स्क्रिप्ट में बार-बार दोहराया जा रहा था। इसलिए निर्देशक अनुराग कश्यप ने इस फिल्म का नाम ही सांड़ की आंख रख दिया। हालांकि इस फिल्म का पहले नाम वूमनिया रखा गया था, जिसे बाद में बदला गया। इस फिल्म में भूमि पेडनेकर दादी चंद्रो व तापसी पन्नू ने दादी प्रकाशो की भूमिका निभाई।
विज्ञापन

8 of 8
शूटर दादी चंद्रो तोमर - फोटो : अमर उजाला
ये हैं दादी की उपलब्धियां
दादी को गूगल इंडिया वुमेन विल प्रोग्राम में सम्मानित किया गया। साथ ही पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी द्वारा भी सम्मानित किया। वह बाल विकास मंत्रालय आइकन लेडी अवार्ड, सत्यमेव जयते व इंडियाज गोट टेलेंट में भी नजर आई थीं।

ये भी पढ़ें

कोरोना का कहर: तड़प रही मानवता, ‘लाचार’ हुई व्यवस्था, घुट-घुटकर मर रहे लोग, देखिए तस्वीरें

शर्मनाक: लड़ते रहे डॉक्टर और कर्मचारी, तड़पते रहे मरीज, अटकी रहीं सांसें, तीमारदार बोले- शर्म करो...
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें