बिल्हौर में ककवन के फत्तेपुर गांव में गुरुवार देर रात बुजुर्ग दंपती की हत्या कर 10 लाख लूटने के मामले में पुलिस ने पीड़िता के बयान लिए हैं। पुलिस को शक है कि वारदात में किसी करीबी का हाथ है। सपना ने पुलिस को बताया कि जब उसने शोर मचाने का प्रयास किया तो एक बदमाश ने धमकी दी कि अगर उसने शोर मचाया तो खेत की रखवाली करने गए उसके पति को गोली मार देंगे। धमकी से सहमी सपना चुपचाप कमरे में दुबक गई।
काफी देर इंतजार के बाद जब सपना को लगा कि बदमाश चले गए तब उसने खुद कोे बंधन से मुक्त किया, इसके बाद जब वह सास-ससुर के पास पहुंची तो उनका शव देख होश उड़ गए। वह शोर मचाते हुए बाहर की ओर भागी। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। वारदात की सूचना पर घर पहुंचा राज कुमार माता-पिता का शव देख बदहवास हो गया।