उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में ऑनर किलिंग के मामले में युवती का पोस्टमार्टम तीसरी आंख की नजर में मंगलवार की देर रात हो गया। तीन डाक्टरों की पैनल ने पोस्टमार्टम किया था। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पोस्टमार्टम के बाद शव पुलिस ने उसके दादा और दो रिश्तेदारों को सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के अनुसार, चचेरी बहन की सगाई पर अमेठी से छुट्टी लेकर गाजीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र के बभनौली गांव आया पुलिसकर्मी अजय यादव 22 फरवरी को रामपुर गांव के बाहर सिवान में गोली लगने से घायल मिला था। इलाज के दौरान वाराणसी में उसकी मौत हो गई थी। पुलिस टीम ने उसके दो साथियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। उनसे मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने इचवल गांव में एक मकान पर छापा मारकर पुलिस ने छह लोगों को उठाया तो मामला खुल गया। पुलिस के अनुसार, अजय यादव और इचवल निवासी सोनाली सिंह(25) में कईं वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों ने 2018 में कोर्ट मैरिज कर ली थी, लेकिन युवती के परिवार वाले इसे मानने को तैयार नहीं थे।