बिजनौर में ढाई लाख के इनामी कुख्यात आदित्य राणा के कोर्ट में सरेंडर होने की दिनभर अफवाह उड़ती रही। हालांकि आदित्य ने सरेंडर तो नहीं किया, लेकिन पुलिस की कोर्ट के आसपास मजबूत घेराबंदी रही। पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। खासकर गाड़ियों पर पैनी नजर रखते हुए चेकिंग की गई।
सोमवार को सुबह से ही सीओ सिटी अनिल कुमार की अगुवाई में पुलिस फोर्स ने जजी परिसर की घेराबंदी कर ली थी। अधिवक्ताओं की गाड़ियों की खिड़की खुलवाकर सघन तलाशी ली गई। वहीं कोर्ट में आने वाले वादकारियों और अन्य लोगों की भी चेकिंग हुई। दिनभर जजी परिसर में पुलिस की गतिविधियां बनी रहीं। उधर, यह भी अफवाह उड़ती रही कि कुख्यात आदित्य राणा कोर्ट में सरेंडर कर सकता है।