बरेली में अवैध कॉलोनियों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जारी है। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) की प्रवर्तन टीम ने शनिवार को लाल फाटक क्षेत्र में बगैर नक्शा पास कराए बनाई जा रहीं तीन अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चला दिया। बीडीए उपाध्यक्ष मनिकंडन ए ने बताया कि दूरदर्शन केंद्र के सामने राजकुमार यादव व वीरू शर्मा 30 बीघा में, प्रमोद कुमार मिश्रा एवं सूरज यादव 20 बीघा में, सुलेमान एवं विनोद कुमार मिश्रा ने 25 बीघा में बगैर नक्शा पास कराए सड़क, भूखंडों का चिह्नांकन, बाउंड्रीवॉल आदि का कार्य शुरू कर दिया था। बीडीए की टीम ने बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त करा दिया। बदायूं रोड पर ठेकेदार अवैध कॉलोनियां व मकान बनाकर बेच रहे हैं। चर्चा है कि बीडीए के जेई को सब पता रहता है, लेकिन तब तक कार्रवाई नहीं होती, जब तक कोई सीधे बीडीए उपाध्यक्ष या शासन में शिकायत न करे।