उत्तर प्रदेश के बागपत जिला अस्पताल और बागपत सीएचसी में डेंगू की जांच की किट खत्म हो गई है। किट के अभाव में अस्पतालों में पहुंचने वाले मरीजों की जांच नहीं हो पा रही है। अस्पताल में जांच कराने के लिए पहुंच रहे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिला अस्पताल में रोजाना सौ से अधिक लोग अपनी जांच कराने के लिए पहुंच रहे है। जहां सीएमओ ने किसी भी जगह से डिमांड नहीं आने की बात कही है, वहीं सीएमएस व अधीक्षक कई बार पत्र भेजकर किट मांगने की बात कह रहे हैं।
जिले में बुखार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिला अस्पताल में ओपीडी एक हजार के ऊपर पहुंच गई है। अस्पताल में रोजाना पांच सौ अधिक नए मरीज उपचार के लिए आ रहे हैं। इसके अलावा सीएचसी बागपत में भी रोजाना लगभग छह सौ ओपीडी हो रही हैं। जिला अस्पताल और सीएचसी में डेंगू की जांच की किट खत्म हो गई है, जिसके कारण जांच कराने आ रहे लोगों की डेंगू की जांच बंद है। जिला अस्पताल में जांच कराने के लिए आने वाले लोगों को बिना जांच कराए वापस लौटना पड़ रहा है।