Prayagraj News : यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा में चयनित अंकिता मिश्रा।
- फोटो : अमर उजाला।
एमएनएनआईटी के छात्र रहे विकास, अंकिता भी सफल
एमएनएनआईटी की पूर्व छात्रा अंकिता मिश्रा को भी सिविल सेवा परीक्षा में सफलता मिली है। उन्हें 169वीं रैंक प्राप्त हुई है। अंकिता ने वर्ष 2015 में एमएनएनआईटी से बीटेक किया था। उन्होंने चौथे प्रयास में सफलता हासिल की है। अंकिता वाणिज्य कर विभाग में असिस्टेंट कमिश्नर के पद पर तैनात हैं। वह लखनऊ की रहने वाली हैं। उन्होंने नौकरी के साथ सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी की और सफलता अर्जित की। एमएनएनआईटी के पूर्व छात्र विकास महतो को भी 110वीं रैंक के साथ सफलता मिली है। वह मूलत: बिहार के रहने वाले हैं।
मेधावियों की सलाह, रोज बनाएं लक्ष्य और पूरा करें
सिविल सेवा परीक्षा में चयनित मेधावियों की सलाह है कि परीक्षा की तैयारी के लिए रोज नया लक्ष्य निर्धारित करें और उसे पूरा भी करें। सिविल सेवा में चयनित अतुलेश झा का मानना है कि सफलता के लिए सबसे पहले स्वयं का मूल्यांकन और सेलेबस की समझ जरूरी है। खुद के मूल्यांकन से जानें कि गलती कहां की और उसे सुधारें। सिविल सेवा में चयनित अंशुल का मानना है कि नौकरी के साथ भी परीक्षा की तैयारी की जा सकती है, इसके लिए रोज नियमित रूप से पढ़ें। लक्ष्य निर्धारित करें और उसे पूरा करें। छुट्टियों पर ध्यान न दें, हर दिन तैयारी को आगे बढ़ाएं। सरकार की वेबसाइट जरूर देखें, ताकि जो भी पढ़े, वह ठोस हो। समय-समय पर रिवीजन भी करते रहें।