फाफामऊ के रूदापुर में एक दिन पहले हुए हत्याकांड के आरोपियों पर बड़ी कार्रवाई हुई। तीन आरोपियों जैद, जावेद व खुर्शीद के घर पर बुलडोजर चलवाया गया। इस दौरान बाउंड्रीवाल, गेट ढहाने के साथ ही बारजा भी तोड़ दिया गया। इस कार्रवाई से हड़कंप मचा रहा। इस दौरान जिला प्रशासन के साथ ही पुलिस अफसर भी मौके पर मौजूद रहे।
जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम रविवार दोपहर में रूदापुर गांव में पहुंची। इसमें एसडीएम ज्योति मौर्य और सीओ सोरांव सुधीर कुमार के साथ अन्य लोग मौजूद रहे। खास बात यह है कि टीम के साथ बुलडोजर भी था जिसे देखते ही गांव में हड़कंप मच गया। बुलडोजर लेकर अफसर हत्याकांड के मुख्य आरोपियों जैद, खुर्शीद और जावेद के घर के बाहर पहुंची।
इस दौरान आरोपियों के पिता व अन्य परिजन मिले। उनसे पूछताछ के बाद बुलडोजर से ध्वस्तीकरण का कार्य शुरू किया गया। सबसे पहले मकान का गेट तोड़ा गया। इसके बाद बाउंड्रीवाल भी ढहा दिया गया। कुछ देर बाद बारजा भी तोड़ दिया गया। करीब दो घंटे तक ध्वस्तीकरण करने के बाद टीम वापस चली गई।