ऑटो मोबाइल कंपनी के सेल्स ऑफिसर सुनील कुमार शर्मा की हत्या के आरोपी अजय उर्फ डकैत और उसकी पत्नी मोना को पुलिस ने बुधवार को रिमांड पर ले लिया। पुलिस दोनों को मध्य प्रदेश के कटनी लेकर गई है। उनसे आला कत्ल के साथ ही लूटी गई बाइक, एटीएम कार्ड आदि बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं। ट्रांसयमुना कॉलोनी फेज दो निवासी सुनील कुमार शर्मा की दो अगस्त को हत्या की गई थी। शव ट्रांसपोर्ट नगर की झाड़ियों में मिला था। पुलिस ने अजय उर्फ डकैत और उसकी पत्नी मोना को जेल भेजा था। बुधवार को कोर्ट के आदेश पर दोनों को 32 घंटे की रिमांड पर लिया गया है। पुलिस ने दोनों को थाने लाकर पूछताछ की। उन्होंने पुलिस की पूछताछ में यही बताया कि बाइक को कटनी जाते समय रास्ते में छिपा दिया था।