आगरा की आवास विकास कॉलोनी के रहने वाले सोनू ने पत्नी और बेटी के साथ सामूहिक आत्महत्या का फैसला यूं ही नहीं लिया था। 14 साल पहले उसने गीता से प्रेम विवाह किया था। पति-पत्नी के बीच रिश्ते हमेशा मधुर रहे। कभी कोई झगड़ा नहीं हुआ। सुसाइड नोट में भी लिखा है कि वह साथ मरना चाहते हैं। सहमति से उन्होंने अपनी जिंदगी खत्म कर ली। बुधवार की सुबह पति-पत्नी और नौ साल की बेटी के शव कमरे में फंदे से लटके मिले। इस घटना ने लोगों को झकझोर दिया।
15 दिन से थी सुसाइड तैयारी
मृतक सोनू की मां कांता देवी ने बताया कि बच्चे ऊपर से नीचे आते थे, लेकिन सोनू नहीं आता था। सोनू सप्ताह में एक बार आकर बाहर घूमकर चला जाता था। गीता 15 दिन से नहीं आ रही थी। वह कमर दर्द की बात कर रही थी। उसे दवा भी दी, लेकिन वह भूतल पर नहीं आई। वह सीढ़ियां नहीं चढ़ पाती हैं, इस कारण उसे देखने नहीं जा पा रही थीं। छोटी बहू से ही हालचाल पूछ लेती थीं। पुलिस अब यही मान रही है कि पति-पत्नी 15 दिन से सुसाइड की तैयारी कर रहे थे।