ताजनगरी में बुधवार को सावन की झड़ी लगी तो देश में चौथे नंबर की स्मार्ट सिटी और नवीन आगरा के दावे पानी-पानी हो गए। सुबह से शाम तक 14 घंटों में महज 57.2 मिमी बारिश में शहर की सड़कें दरिया बन गईं तो मोहल्ले तलैया जैसे हो गए। नालों की सफाई न होने के कारण रिमझिम बारिश का पानी भी नालों से निकलने की जगह सड़क पर भर गया, जो देर रात तक शहर की सड़कों पर जमा रहा। सड़कों पर जलभराव के कारण लोगों के घरों और दुकानों में पानी भर गया, जिसे उलीचकर, बाल्टी में भरकर फेंकने की जद्दोजहद में पूरे दिन शहर के लाखों लोग जुटे रहे। बुधवार को सिकंदरा, कमला नगर, ट्रांसयमुना, राजपुर चुंगी, फतेहाबाद रोड, सेवला, ग्वालियर रोड, मधु नगर, देवरी रोड, शाहगंज, आजमपाड़ा, अवधपुरी, पृथ्वीनाथ रोड, अलबतिया रोड, दयालबाग, नगला बूढ़ी, अमर विहार, महर्षिपुरम आदि क्षेत्रों में जलभराव हुआ।
विज्ञापन
2 of 9
सड़क पर भरा पानी
- फोटो : अमर उजाला
शहर के चारों छोर पर मौजूद इन सभी इलाकों में और शहर के बीचोबीच बनीं कॉलोनियों, बस्तियों में कोई ऐसी सड़क नहीं बची, जहां पानी न भरा हो। पॉश कालोनियों से लेकर मलिन बस्तियों तक में सड़कें नहरों की तरह से नजर आई। नगर निगम के गेट पर ही दो फुट तक पानी भरा रहा, जो घंटों बाद निकल सका। तीन साल में पहली बार सूरसदन चौराहे पर पानी भरा। चर्च रोड, रामनगर, संजय प्लेस, सेंट जोंस जैसे क्षेत्र पानी में डूबे रहे।
विज्ञापन
3 of 9
शहर की सड़कों पर पानी
- फोटो : अमर उजाला
शहर में दोपहर तक ही सभी सड़कों, मोहल्लों और बाजारों में जलभराव हो गया। कोई ऐसी सड़क नहीं बची, जहां जलभराव न हुआ हो। नगर निगम के कागजी नाला सफाई की हकीकत सावन की पहली बारिश में सामने आ गई। काजीपाड़ा, अजीत नगर, नगला पदी, अलबतिया रोड, केदार नगर, आजमपाड़ा, गुरु तेग बहादुर कॉलोनी में लोगों को घरों में पानी भर गया। जिससे उनके घरों में रखा सामान खराब हो गया।
4 of 9
हलवाई की बगीची पर भरा पानी
- फोटो : अमर उजाला
राजा की मंडी, शाहगंज, आवास विकास कॉलोनी, न्यू आगरा, देवरी रोड, फ्रीगंज, बेलनगंज, बाजारों में दुकानों में पानी भर गया। इसमें व्यापारियों का दुकानों में रखा सामान तैरने लगा। राजामंडी में कपड़ों की दुकानों में पानी भरने से उनका सामान खराब हो गया।
विज्ञापन
5 of 9
सेंट जोंस का नजारा
- फोटो : अमर उजाला
एक माह पहले हुई सफाई, फिर भी भरा पानी
राजामंडी बाजार में एक महीने पहले नाले और पुलिया का निर्माण किया गया है। बुधवार को बाजार में दो फुट तक पानी भर गया और दुकानों में घुस गया। यहां 14 फुट तक सिल्ट और कचरा नालियों से निकाला गया था, लेकिन सावन की पहली झड़ी में ही यहां जलभराव से नुकसान हो गया। अंडरग्राउंड गोदामों में पानी भर जाने से बोदला, राजामंडी, आवास विकास कालोनी में व्यापारियों का सामान खराब हो गया।
विज्ञापन
6 of 9
मदिया कटरा की सड़क
- फोटो : अमर उजाला
इन जगहों पर हुआ जलभराव
सूरसदन चौराहा, सेंट जोंस चौराहा, राजामंडी बाजार, लंगड़े की चौकी, फतेहाबाद रोड, पीर कल्याणी, फ्रीगंज, गधापाड़ा, मोतीलाल नेहरू रोड, पालीवाल पार्क, सुल्तानगंज पुलिया, मुगल रोड, अर्जुन नगर, अजीत नगर, ईदगाह, शाहगंज बाजार, मदिया कटरा, बिल्लोचपुरा, कैलाशपुरी मोड़, हलवाई की बगीची, अलबतिया रोड, अवधपुरी,
शास्त्रीपुरम, टेढ़ी बगिया, देवरी रोड।
विज्ञापन
7 of 9
सड़कों पर लगी वाहनों की कतार
- फोटो : अमर उजाला
जहां से निकले, वहीं जलभराव में फंसे
शास्त्रीपुरम से शहर के व्यावसायिक स्थल संजय प्लेस जाने वाले लोगों को घर से ही जलभराव झेलना पड़ा। शास्त्रीपुरम टीयर्स संस्थान के पीछे बनी कॉलोनी से निकले लोगों को 300 मीटर तक अपनी गली में ही जलभराव से होकर निकलना पड़ा। यहां से वह पश्चिमपुरी चौराहे पहुंचे तो करगिल पेट्रोल पंप तक एक लेन पूरी पानी से भरी मिली। यहां से वह हिलमैन स्कूल के पास 80 फुट रोड से निकले तो हरीश नगर से फूड सर्किल तक एक लेन पर पानी भरा मिला। दूसरी लेन से निकले तो कैलाशपुरी मोड़, भावना होटल से मदिया कटरा का रोड पानी में डूबा मिला। गुरुद्वारा गुरु के ताल से हाइवे होकर निकलने पर न्यू आगरा सर्विस लेन पर जलभराव से जूझना पड़ा और एमजी रोड पर अंजना टाकीज से सूरसदन तक पूरी लेन पर जलभराव मिला। शास्त्रीपुरम से संजय प्लेस तक महज 20 मिनट में दूरी तय होती है, लेकिन बुधवार को जलभराव और जाम के कारण डेढ़ से पौने दो घंटे में लोग पहुंच सके।
8 of 9
बारिश के बाद आगरा की सड़कों की हालत
- फोटो : अमर उजाला
भीगते पहुंचे दफ्तर, 75 फीसदी कर्मी हुए लेट
सुबह से ही शुरू हो गई बारिश के कारण लोग भीगते हुए आफिस पहुंचे। सुबह 8 बजे के बाद तेज हुई बारिश के कारण आफिसों में 75 फीसदी स्टाफ देरी से पहुंचा। कलेक्ट्रेट, नगर निगम, विकास भवन, कमिश्नरी, जलनिगम, शिक्षा विभाग, विश्वविद्यालय, पर्यटन विभाग, कृषि विभाग समेत सरकारी कार्यालयों में सुबह 10 बजे तक महज 20 से 25 फीसदी स्टाफ ही पहुंचा जो कार्यालयों के नजदीक रह रहे थे। बारिश के कारण सड़कोंपर जलभराव से जाम लग गया, जिस वजह से लोग देरी से ऑफिस पहुंच पाए।
बारिश का पानी नदी की तरह बहता हुआ
- फोटो : अमर उजाला
हाईवे पर यहां हुआ जलभराव
केवल शहर नही, बल्कि नेशनल हाईवे पर भी पूरे दिन जलभराव से लेाग जूझे। आगरा-मथुरा हाईवे पर सब्जी मंडी से मरियम टूम तक, सिकंदरा पार्किंग से रेनबो हॉस्पिटल तक, दक्षिणांचल कार्यालय से आईएसबीटी तक और सुल्तानगंज पुलिया पर जलभराव रहा तो ग्वालियर रोड हाईवे पर मधुनगर चौराहे से आगे सेवला, रोहता तक दोनों ओर पानी भरा रहा। अलीगढ़ हाईवे पर टेढ़ी बगिया, 100 फुटा रोड, कालिंदी विहार, फाउंड्री नगर, एत्माद्दौला और ट्रांसयमुना क्षेत्र में जलभराव हुआ।