प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान के बाद रविवार रात नौ बजे ताजनगरी में एकजुटता का उजाला होगा। इसके लिए लोगों ने दीये और मोमबत्ती जलाने की तैयारी कर ली है। पचास साल पुरानी टॉर्च भी बक्सों से निकाल ली गई है। कोरोना के खिलाफ जंग में मुस्लिम समाज के लोगों ने भी घरों में दीयों में घी भरने की तैयारी पूरी की है। सभी परिवारों का कहना है कि कोरोना वायरस के खिलाफ चल रही मुहिम का पालन करते हुए अपने घरों में रविवार रात नौ बजे दीये और मोमबत्ती, टॉर्च या मोबाइल की लाइट जलाएंगे।
विज्ञापन
2 of 5
दीयों को सजाते मां-बेटा
- फोटो : अमर उजाला
साकेत कॉलोनी के गोविंद नगर में अधिकांश परिवार दीये जलाकर प्रधानमंत्री के आह्वान पर अमल करने की पूरी तैयारी कर चुके हैं। यहां एक-दो परिवारों में युवा इसलिए परेशान दिखे, क्योंकि लॉकडाउन से पहले ही उन्होंने अपना मोबाइल दुकान पर ठीक होने दिया था। ऐसे में वो अपने मोबाइल से फ्लैश लाइट नहीं जला पाएंगे।
गोविंद नगर निवासी कुमुद शर्मा ने कहा कि पीएम मोदी के आह्वान पर हमने कोरोना से लड़ने की पूरी तैयारी कर ली है। रविवार की रात ठीक नौ बजे पूरे परिवार के साथ नौ दीये जलाऊंगी।
विज्ञापन
3 of 5
तीन दशक पुरानी टॉर्च
- फोटो : अमर उजाला
गढ़ी भदौरिया में तो कुछ परिवारों ने तीन दशक से भी पुरानी टार्च बक्सों से निकाल ली है। इनमें से कई टॉर्च बक्से में रखे-रखे खराब भी हो चुकी हैं, तो किसी टॉर्च का सेल नहीं होने से लोग निराश भी हैं। यहां के रहने वाले योगेश कुमार शर्मा ने 30 साल पुरानी टॉर्च निकाली है।
योगेश कुमार शर्मा ने बताया कि वर्षों बाद टॉर्च की जरूरत पड़ी है। प्रधानमंत्री ने कई विकल्प दिए। मुझे सबसे अच्छा विकल्प मेरे परिवार में तीस साल पुरानी रखी टॉर्च है। वर्षों बाद इसे निकाला है।
4 of 5
मुस्लिम परिवार ने भी की तैयारी
- फोटो : अमर उजाला
कोरोना वायरस के खिलाफ चल रही जंग में मुस्लिम समाज के परिवारों ने भी दीये जलाने की पूरी तैयारी कर ली है। लोगों का मानना है कि कोरोना से लड़ने की जंग के लिए पीएम मोदी जो भी बचाव के उपाय बता रहे हैं, उन्हें शहर का हरेक व्यक्ति पूरे मन से मान रहा है।
अमरलोक कॉलोनी की खुशबू खान ने कहा कि हमारे परिवार में मेरे पति ही दीये लेकर आए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर हम अपने घर की छत पर दीये जलाएंगे।
आलमगंज, लोहामंडी में मिट्टी के दीये बेचने वाले लॉकडाउन के चलते पहली बार खुश दिखाई दिए। मालवीय कुंज, तोता के ताल से कई परिवार दीये लेने के लिए पहुंचे। कॉलोनी से आईं रेनू तलरेजा ने अपने घर के नौ दीयों के अलावा कॉलोनी के लोगों के लिए भी दीये खरीदे।
महेश तलरेजा ने बताया कि हमारी कॉलोनी आज रात नौ बजे के लिए पूरी तरह से तैयार है। हरेक घर ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। कोरोना को हराने के लिए सब कुछ करेंगे।