फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आगरा जहरीली शराब कांड: पति आए और सो गए, फिर उठ न सके, शराब ने सब कुछ खत्म कर दिया...

Fri, 27 Aug 2021 08:12 AM IST
Abhishek Saxena न्यूज डेस्क अमर उजाला, आगरा
विज्ञापन
1 of 7
जहरीली शराब पीने से हुई मौत के बाद युवक के परिजन - फोटो : अमर उजाला
टिन शेड में एक तरफ से खुला मकान। छोटा सा पंखा। एक तरफ तीन बच्चों के साथ बैठी विकलांग बेबी। उसकी सिसकियों की आवाज सुनाई दे रही है। परिवार की महिलाएं किसी तरह उसे संभाल रही हैं। सिसकियों के बीच बस एक ही बात बेबी के मुंह से निकल रही है कि पति (सुनील) शनिवार शाम को गांव की महिला किशनी से शराब पीकर आए। घर आते ही सो गए। रविवार सुबह उठे, मगर फिर सो गए। इसके बाद जागे नहीं। गांव के लोगों को बुलाया। अस्पताल ले गए, जहां पति की मौत हो गई। अब कौन सहारा बनेगा मेरा। दो बेटे और एक बेटी कैसे पल पाएंगे। शराब ने सब कुछ खत्म कर दिया। नगला देवरी के सुनील सिंह (34) की मौत से पूरा परिवार टूट गया है। उनके छोटे भाई सुधीर जयपुर में कामकाज करते हैं।

 
विज्ञापन

2 of 7
सुनील का परिवार - फोटो : अमर उजाला
सुनील के तीन बच्चे नौ साल की राशि, छह साल का आरव और साढ़े तीन साल का भूरा उर्फ कार्तिक है। सुनील मजदूरी करता था। पत्नी बेबी विकलांग हैं। वह घर में कालीन बनाने का काम करती हैं। बमुश्किल घर का खर्च चल रहा था। सुबकते हुए बेबी ने बताया कि पति अक्सर शराब पीकर आते थे, लेकिन रक्षाबंधन से पहले शराब जहरीली पी आएंगे, यह किसी को नहीं पता था।
विज्ञापन

3 of 7
चार दिन से चूल्हा नहीं सुलगा - फोटो : अमर उजाला
चार दिन से चूल्हा नहीं सुलगा
मां रामबेटी बोलीं कि घर में चार दिन से चूल्हा नहीं सुलगा है। लोग जो देकर जाते हैं, उसे बच्चों को खिला देते हैं। कैसे परिवार का पेट पालेंगे समझ नहीं आ रहा है। अधिकारियों से लेकर नेता तक आए लेकिन हर कोई मदद का आश्वासन देकर चला गया। भाई सुधीर ने मांग रखी कि परिवार को आर्थिक सहायता सरकार की ओर से मिलनी चाहिए। जहरीली शराब बेचने वालों केे खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

4 of 7
जहरीली शराब पीने से हुई मौत - फोटो : अमर उजाला
ताराचंद की मौत से खत्म हो गया परिवार
गांव के ताराचंद (47) की भी शराब पीने के बाद मौत हुई है। वह मजदूरी करते थे। शादी नहीं हुई थी। परिवार के लाचारी राम ने बताया कि ताराचंद के माता-पिता, भाई मोहन सिंह और लाखन की पहले ही मौत हो गई थी। अकेला तारांचद बचा था। जहरीली शराब ने उसे भी मौत की नींद सुला दिया। लाचारी राम भी किसी तरह घर का खर्च चला पाते हैं। परिवार में मातम है।
विज्ञापन

5 of 7
जहरीली शराब से मौत के बाद पीड़ित परिवार - फोटो : अमर उजाला
चार बच्चों से उठ गया पिता का साया
गांव में शराब से मरने वाले तीसरे व्यक्ति रामसहाय के परिवार का हाल बेहाल है। रामसहाय के चार बच्चे 13 साल की संजना, दस साल की वंदना, आठ साल की प्रिया और चार साल का बेटा संगम है। तीन दिन से घर में चूल्हा नहीं जला है। पत्नी मंजू देवी ने बताया कि पति गांव के लोगों की बकरी चराने ले जाते थे। लोग जो रुपये देते थे, उसे रख लेते थे। महीने में बमुश्किल एक से दो हजार रुपये मिल जाते थे। गांव में सस्ती शराब एक घर से मिलती है। इसे ही पीकर आ जाते थे। उनकी मौत से परिवार टूट गया है। रामसहाय के भाई सरनाम सब्जी की ठेल लगाते हैं। शिवराम घोड़ा बुग्गी चलाते हैं। तीसरे भाई सियाराम की छह साल पहले मौत हो गई थी। माता-पिता का निधन पहले ही हो चुका है। रामसहाय अलग रहते थे। अब उनके परिवार का कोई सहारा नहीं है। परिवार के लोग शासन से आर्थिक मदद की गुहार लगा रहे हैं।
विज्ञापन

6 of 7
आरोपी के घर लगा ताला - फोटो : अमर उजाला
गांव की गली में पसरा है सन्नाटा
जहरीली शराब से एक ही गांव में चार मौतों से चार परिवार बेहाल हैं। गांव की गलियों में सन्नाटा पसरा हुआ है। लोग दहशत में हैं। यही सोच रहे हैं कि जहरीली शराब कौन लेकर आया होगा? फिलहाल कोई सामने नहीं आया है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

7 of 7
शराब का क्वार्टर दिखाते ग्रामीण - फोटो : अमर उजाला
छह महीने में दूसरे भाई की मौत से परिवार में कोहराम
चंद्रभान (40) पुत्र रोशनलाल की मौत भी जहरीली शराब से हुई थी। वह शादीशुदा नहीं था। तीन भाइयों में तीसरे नंबर का था। बड़ा भाई लाखन है, जबकि मझला जागन। जागन की छह महीने पहले ही मौत हुई थी। अब एक और मौत से परिवार टूट गया है। परिवार के लोगों ने बताया कि चंद्रभान 22 अगस्त की शाम को शराब पीकर आया था। रात 11 बजे पेट में दर्द हुआ। दूसरे दिन तड़के चार बजे डॉक्टर को दिखाने ले गए। शाम को उनकी आंखो की रोशनी चली गई। रात में उसकी मौत हो गई।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें