हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने दसवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। 12वीं के बाद अब 10वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में भी बेटियां सिरमौर बनीं हैं। टॉप-10 में शामिल 77 मेधावियों में से 67 स्थानों पर छात्राओं ने कब्जा जमाया है। प्रदेश को 10वीं कक्षा में दो टॉपर मिले हैं। दोनों ही टॉपर छात्राएं हैं और दोनों मंडी जिले से संबंध रखती हैं। वहीं दूसरी ओर टॉप-10 की सूची में अपना स्थान बनाने में छात्र पिछड़ गए हैं। टॉप-10 की सूची में मात्र 10 स्थानों पर ही छात्र कब्जा जमा पाए हैं। 10वें रैंक के लिए सबसे अधिक 20 छात्राओं ने अपनी जगह बनाई है, जबकि 9वें रैंक पर 14, 8वें रैंक पर 11 और 7वें रैंक पर 10 छात्राओं ने दबदबा बनाया। छात्रों में दूसरे रैंक पर एक, जबकि छठे से लेकर 9वें रैंक तक एक-एक छात्र काबिज हुआ है। इसके अलावा 10वां रैंक पांच छात्रों ने 20 अन्य छात्राओं के साथ साझा किया है।