हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के चांशल और धर्मशाला के धौलाधार में सीजन का पहला हिमपात हुआ है। मानसून विदा होने के आठ दिन बाद ही मंगलवार को किन्नौर, लाहौल-स्पीति, साच पास दर्रे ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। 10 सेंटीमीटर से लेकर एक फीट तक ताजा हिमपात हुआ है। यही नहीं, प्रदेश भर में सोमवार रात से मंगलवार दोपहर तक करीब 12 घंटे तक झमाझम बारिश होती रही। इससे मौसम में ठंडक बढ़ गई है।
मनाली-लेह मार्ग पर स्थित बारालाचा दर्रा, शिंकुला दर्रा और रोहतांग दर्रा में ताजा बर्फबारी होने से तीनों मार्ग पर्यटकों के लिए बंद कर दिए हैं। वाहनों को मनाली की ओर से दारचा व लेह की ओर से उपसी और सरचू में रोक दिया है। चंबा के भरमौर की पहाड़ियों मणिमहेश कैलाश, कुगति, चौबिया, खपरांस, कालीछौ, घटौर, क्वारसी में भी बर्फबारी हुई है। समुद्रतल से 14,500 फीट की ऊंचाई पर स्थित साच पास दर्रे में एक फीट तक बर्फबारी हुई है। इससे चंबा-किलाड़ वाया साच पास पर आवाजाही ठप है। स्पीति के कुंजुम जोत में भी बर्फ के फाहे गिरे हैं।