हिमाचल प्रदेश की मंडी संसदीय सीट के अलावा जुब्बल-कोटखाई, अर्की और फतेहपुर विधानसभा सीट के लिए हो रहे उपचुनाव के लिए शनिवार सुबह आठ बजे से मतदान हो रहा है। दुनिया के सबसे ऊंचे मतदान केंद्र टशीगंग के मतदाता जमाव बिंदु से नीचे माइनस तापमान के बीच मतदान करते नजर आए। इस मतदान केंद्र के अंतर्गत आने वाले गांव टशीगंग और गेते इन दिनों चारों ओर बर्फ से घिर गए हैं। उपचुनावों के लिए देश-दुनिया में बहुचर्चित टशीगंग मतदान केंद्र को दुल्हन की तरह सजाया गया है। दिलचस्प बात यह है कि टशीगंग मतदान केंद्र में मतदाताओं समेत चुनाव ड्यूटी में तैनात सभी कर्मचारी स्पीति के पारंपरिक लिबास में रहे। मतदान केंद्र में महिला अधिकारी टशी डोलकर को नोडल अधिकारी हैं।