आज का दिन इसरो वैज्ञानिकों के लिए काफी महत्वपूर्ण है, क्योंकि आज उनका चार साल पुराना अधूरा सपना पूरा हुआ है। शुक्रवार को चन्द्रयान-3 लांच किया जा चुका है, जो कि जैसे ही चांद की सतह पर पहुंचेगा। लैंडर और रोवर चांद के एक दिन यानी धरती के 14 दिन के लिए एक्टिवेट हो जाएंगे। चांद पर चन्द्रयान-3 को सॉफ्ट लैंडिंग में सफलता मिले, इस कामना को लेकर द्वादश ज्योतिर्लिंगों में शामिल विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर और श्री सिद्धिविनायक गणेश मंदिर में विशेष पूजन अर्चन अनुष्ठान किया गया।
महाकाल मंदिर और श्री सिद्धिविनायक गणेश मंदिर में किए गए विशेष पूजन अर्चन की जानकारी देते हुए पंडित दिलीप उपाध्याय चम्मू गुरु ने बताया कि चन्द्रयान-3 की सफलता प्राप्ति के लिए कालों के काल बाबा महाकाल के मंदिर में पुजारियों ने बाबा महाकाल का रुद्राभिषेक कर रुद्र सूक्त का पाठ किया और सफलता की कामना की गई। वहीं, श्री सिद्धि विनायक गणेश मंदिर पर भी भगवान का पूजन अर्चन कर अथर्वशीर्ष का पाठ किया गया।