डॉ सत्यकांत त्रिवेदी
- फोटो : Self
''मानसिक स्वास्थ्य के लिए चुनौतीपूर्ण था साल 2021''
डॉ सत्यकांत त्रिवेदी
मनोरोग विशेषज्ञ
भोपाल, मध्य प्रदेश
साल 2021 में कोरोना संक्रमण ने सिर्फ शारीरिक ही नहीं, मानसिक स्वास्थ्य को भी बुरी तरह से प्रभावित किया। इस बारे में अपने अनुभव साझा करते हुए बंसल हॉस्पिटल, भोपाल में वरिष्ठ मनोरोग विशेषज्ञ डॉ सत्यकांत त्रिवेदी बताते हैं, कोरोना के दौरान लोगों में डर और असमंजस्य का मौहाल देखने को मिल रहा था। इस वजह से इस साल लोगों में चिंता, तनाव, नींद की समस्या, आशंका जैसी दिक्कतें ज्यादा देखने को मिलीं। कोरोना की दूसरी लहर में अपने लोगों को खोना, समय पर इलाज न मिल पाने, वैक्सीनेशन को लेकर डर के चलते लोगों का मानसिक स्वास्थ्य गंभीर रूप से प्रभावित रहा। यही कारण है कि इस साल मानसिक रोगियों के मामलों में 40-60 फीसदी तक का इजाफा देखने को मिला।
बतौर मनोचिकित्सक इस बार हमें लोगों को 'वास्तविकता' में लाने पर ज्यादा ध्यान देना पड़ रहा था। रोगी या तो पुराने ट्रॉमा के बारे में बात कर रहे थे या वह भविष्य को लेकर चिंतित थे। ऐसे में काउंसिलिंग के समय लोगों को करेंट सिचुऐशन में लाने के लिए हमें ज्यादा मेहनत करनी पड़ी। इसमें कोई दो राय नहीं है कि यह साल हमारे लिए चुनौतीपूर्ण रहा है, पर अब हम नए साल में प्रवेश कर रहे हैं तो हमें पिछली नकारात्मकता से ज्यादा आगे की सकारात्मकता पर अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है।
नया साल हम सब के लिए बेहतर होगा, यही कामना है। इस साल में मेंटली फिट रहने के लिए सोशल मीडिया के अधिक इस्तेमाल से ज्यादा परिवार के साथ समय बिताएं, लोगों से बातचीत करते रहें, दोस्तों-परिवार के साथ मन की बातें शेयर करें, रिश्तों को बातचीत के जरिए सुधारें और सबसे जरूरी बात अगर आपको लगता है कि कोई भी मानसिक परेशानी बढ़ रही है तो मनोचिकित्सक से संपर्क करने में हिचक न करें। ध्यान रहे, आप मानसिक तौर पर स्वस्थ रहेंगे तभी आगे बढ़ सकेंगे। नए साल की सभी को शुभकामनाएं।