स्वास्थ्य और सेहत दोनों के लिहाज से तरबूज को गर्मियों में मिलने वाले सबसे बेहतरीन फलों में से एक माना जाता है। कई प्रकार के पोषक तत्वों के साथ-साथ, पानी से भरपूर यह फल आपको डिहाइड्रेशन से बचाने के साथ शरीर की पोषक तत्वों की जरूरत को आसानी से पूरा कर सकता है। सामान्यतौर पर अब बाजार में हाइब्रेड तरबूज ज्यादा मिलते हैं जो आकार में काफी बड़े होते हैं, ऐसे फलों को एक बार में काटकर पूरा खाना कठिन होता है, इसलिए शेष बचे हुए हिस्से को अक्सर फ्रेश बनाए रखने के लिए फ्रिज में रख दिया जाता है। पर क्या तरबूज को फ्रिज में रखने के बाद इसका सेवन करना नुकसानदायक हो सकता है?
विशेषज्ञ कहते हैं कि कुछ फलों की प्रकृति ऐसी होती है, जिसे फ्रिज में रखने से न सिर्फ उसकी पोषकता कम हो जाती है, साथ ही कुछ में तो टॉक्सिन बनने का भी खतरा हो सकता है। तरबूज के मामले में भी ऐसा ही है। विशेषज्ञ तरबूज को भी फ्रिज में न रखने की सलाह देते हैं। आइए जानते हैं कि इसके क्या कारण हो सकते हैं, साथ ही इसे फ्रिज में रखने से क्या नुकसान है?